Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

कटरा में भीषण सड़क हादसा: बस और ऑटो की टक्कर में 3 की मौके पर मौत, 2 घायल

October 14, 2025

कटरा में भीषण सड़क हादसा: बस और ऑटो की टक्कर में 3 की मौके पर मौत, 2 घायल

कटरा (जम्मू): तीर्थनगरी कटरा में मंगलवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सेरली चेक पोस्ट के पास एक तेज रफ्तार बस और ऑटो में भीषण टक्कर हो गई, जिसमें ऑटो चालक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दो महिला यात्री गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जम्मू मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।

हादसे का विवरण

मिली जानकारी के अनुसार, एक प्राइवेट बस (JK02EK 5353) कटरा से उधमपुर की ओर जा रही थी। सेरली नाके के पास अचानक चालक का बस पर नियंत्रण हट गया और सामने से आ रहे ऑटो (JK14C 9518) से जोरदार टक्कर हो गई। बता दें कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

मृतक और घायल

हादसे में ऑटो चालक जीत लाल (पुत्र मुंशी राम, निवासी मुतल, उधमपुर), विचित्र कुमार साहू (67 वर्ष, निवासी उड़ीसा) और जोगिंदर मतारी (66 वर्ष, निवासी उड़ीसा) की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं, गंभीर रूप से घायल श्रद्धालु कविता साहू (58 वर्ष, पुत्री राज कुमार, निवासी उड़ीसा) और स्नेहलता मतारी (निवासी उड़ीसा) को स्थानीय सीएचसी कटरा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए जम्मू मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, हादसा तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोने के कारण हुआ। इस दर्दनाक घटना के बाद कटरा में श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तीर्थ मार्गों पर स्पीड लिमिट और सख्त निगरानी की व्यवस्था की जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसे रोके जा सकें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें