नई दिल्ली: धनतेरस से पहले सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। मंगलवार को देशभर के सर्राफा बाजारों में दोनों धातुओं ने नया कीर्तिमान स्थापित किया, जिससे खरीदारों और निवेशकों में हलचल तेज हो गई है। सोने की कीमत पहली बार ₹1,30,000 प्रति 10 ग्राम के आंकड़े को पार कर गई, जबकि चांदी भी ₹1,85,000 प्रति किलो तक पहुंच गई है।
भारी खरीदारी और कमजोर रुपया बने कीमतों में उछाल की वजह
त्योहारी और विवाह सीजन की शुरुआत को देखते हुए ज्वेलर्स और खुदरा विक्रेताओं की तरफ से भारी मात्रा में स्टॉकिंग की जा रही है। इससे मांग में तेजी आई है और कीमतों में उबाल देखा गया है। इसके साथ ही भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले कमजोर होकर ₹88.80 प्रति डॉलर पर आ गया है, जो अब तक का सबसे निचला स्तर है। कमजोर रुपये के चलते आयातित सोने की लागत बढ़ गई है, जिससे घरेलू बाजार में कीमतों में और इजाफा हुआ।

24 कैरेट सोने में ₹2,850 की बढ़ोतरी
ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, 99.9% शुद्धता वाले 24 कैरेट सोने में एक दिन में ₹2,850 की तेजी दर्ज की गई है। इससे इसकी कीमत ₹1,30,800 प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) हो गई है। वहीं, 99.5% शुद्धता वाला सोना भी ₹2,850 बढ़कर ₹1,30,200 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।
चांदी ने भी तोड़े रिकॉर्ड
चांदी की कीमत में ₹6,000 की उछाल देखने को मिली, जिससे यह ₹1,85,000 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। यह लगातार पांचवां दिन है जब चांदी के दामों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जानकारों का कहना है कि चांदी की यह तेजी केवल मौसमी मांग के कारण नहीं, बल्कि औद्योगिक मांग में बढ़ोतरी और वैश्विक आपूर्ति की चिंता के कारण भी है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार का असर
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों में मजबूती बनी हुई है। मंगलवार को स्पॉट गोल्ड 0.72% की तेजी के साथ 4,140.34 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रहा था। हालांकि यह अपने दिन के उच्चतम स्तर 4,179.71 डॉलर प्रति औंस से कुछ नीचे रहा। वहीं चांदी की कीमतों में 1.92% की गिरावट दर्ज की गई और यह 51.36 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...