Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

कुपवाड़ा में सेना की बड़ी कामयाबी: घुसपैठ की कोशिश नाकाम, दो आतंकी ढेर

October 15, 2025

कुपवाड़ा में सेना की बड़ी कामयाबी: घुसपैठ की कोशिश नाकाम, दो आतंकी ढेर

कुपवाड़ा: सुरक्षाबलों ने उत्तरी कश्मीर के मच्छिल सेक्टर में आतंकियों की घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए दो आतंकवादियों को मार गिराया। बता दें कि सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में यह बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और युद्धक सामग्री भी बरामद की गई है।

आतंकियों की मिली गुप्त जानकारी

सूत्रों के अनुसार, सेना को एलओसी के पास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इस इनपुट के आधार पर मच्छिल सेक्टर के कुंबकडी वन क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने एक सघन तलाशी अभियान शुरू किया। पहले से तैनात जवानों ने अग्रिम चौकियों के पास हरकतें महसूस कीं और घुसपैठियों को ललकारा।

जैसे ही सुरक्षाबलों ने संदिग्धों को रोका, आतंकियों ने भारी फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सेना ने मोर्चा संभाला और दोनों ओर से भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई। अंधेरे का फायदा उठाकर आतंकी कुछ देर के लिए भागने में सफल रहे, लेकिन सुरक्षाबलों ने क्षेत्र को पूरी तरह घेर लिया।

मुठभेड़ में दो आतंकी ढेर

घटनास्थल के आसपास तलाशी अभियान जारी रखते हुए मंगलवार सुबह तक दोनों आतंकियों को ढूंढ निकाला गया और मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया। फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई और आतंकी छिपा न हो।

सेना अधिकारियों ने बताया कि यह ऑपरेशन सुरक्षा बलों की सतर्कता और बेहतर समन्वय का नतीजा है। नियंत्रण रेखा पर लगातार चौकसी के कारण ही बड़ी घटना टल गई और दो आतंकियों को समय रहते ढेर कर दिया गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें