
नेशनल डेस्क: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अगले पांच वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को रोजगार देगी। नीतीश कुमार ने बताया कि उनकी सरकार अब तक 50 लाख युवाओं को रोजगार दे चुकी है और आने वाले समय में यह संख्या दोगुनी करने का लक्ष्य है। उन्होंने यह घोषणा एक चुनावी रैली में की, जहाँ उन्होंने विपक्ष पर कानून-व्यवस्था और खराब बुनियादी ढांचे को लेकर हमला बोला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले 20 वर्षों में बिहार की तस्वीर बदल दी है। उन्होंने कहा कि पहले राज्य में डर और असुरक्षा का माहौल था, लेकिन अब बिहार में शांति, भाईचारा और विकास की भावना है। नीतीश कुमार ने कहा, “पहले लोग शाम के बाद घरों से बाहर नहीं निकलते थे। सड़कें टूटी हुई थीं, बिजली बहुत कम घरों तक पहुँचती थी। हमने शिक्षा, सड़क, बिजली और रोज़गार के क्षेत्र में लगातार काम किया है। अब बिहार बदल चुका है।”
आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में मुकाबला दो बड़े गठबंधनों के बीच है। एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन): भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), हम (सेक्युलर) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा। महागठबंधन: राजद, कांग्रेस, सीपीआई, सीपीएम, सीपीआई (एमएल) और वीआईपी पार्टी। इसके अलावा, प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने भी सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।
बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे। पहला चरण के मतदान 6 नवंबर और दूसरा चरण की वोटिंग 11 नवंबर को होगी जबकि नतीजे 14 नवंबर को जारी किए जाएंगे। चुनाव नज़दीक आने के साथ ही राज्य में प्रचार अभियान और राजनीतिक बयानबाज़ी तेज़ हो गई है।