Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

जम्मू-कश्मीर में बढ़ा डेंगू का प्रकोप, अब तक 2,100 से ज्यादा लोग संक्रमित

October 22, 2025

जम्मू-कश्मीर में बढ़ा डेंगू का प्रकोप, अब तक 2,100 से ज्यादा लोग संक्रमित

जम्मू-कश्मीर डेस्क: जम्मू-कश्मीर में डेंगू का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल अब तक 2,168 लोग डेंगू से संक्रमित पाए गए हैं। पिछले साल की तुलना में यह आंकड़ा काफी ज्यादा है, जिससे राज्य में स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है।

आपको बता दें कि सबसे ज्यादा मामले जम्मू जिले से सामने आए हैं, जहां अकेले 960 लोग डेंगू की चपेट में आ चुके हैं। इसके अलावा कठुआ, सांबा और उधमपुर जिलों में भी संक्रमण के कई मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं कश्मीर डिवीजन में 23 और अन्य राज्यों से आए 41 मरीजों की भी पुष्टि की गई है।

ये भी पढ़े : पटाखों से बिगड़ा पंजाब का मौसम, कई इलाकों में AQI पहुंचा 500 के पार

रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि इस साल अब तक 20,277 लोगों की डेंगू जांच की गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि अधिकांश मरीजों को समय पर इलाज मिलने से स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन आने वाले दिनों में बरसात और ठंड बढ़ने के साथ संक्रमण के मामले और बढ़ सकते हैं।

डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि डेंगू से बचाव के लिए एहतियात बरतें। यह बीमारी एडीज मच्छर के काटने से फैलती है, जो सुबह और शाम के समय अधिक सक्रिय रहता है। विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि लोग सोते समय मच्छरदानी या रिपेलेंट का इस्तेमाल करें, घरों के आसपास पानी जमा न होने दें, और सफाई पर विशेष ध्यान दें।

ये भी पढ़े : सोने की कीमतों में भारी बदलाव, आखिर क्यों बढ़ रही गोल्ड लोन की डिमांड, पढ़ें…

स्वास्थ्य विभाग ने भी जागरूकता अभियान तेज करने का निर्देश दिया है ताकि लोग समय रहते सावधानी बरत सकें। अधिकारियों ने बताया कि अगर शुरुआती लक्षण जैसे बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द या त्वचा पर लाल दाने दिखें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें