Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

जिले के 42 गांवों के 4171 बाढ़ प्रभावित लाभार्थियों को 10 करोड़ रुपए की मुआवजा राशि प्रदान की : Patiala DC

October 25, 2025

जिले के 42 गांवों के 4171 बाढ़ प्रभावित लाभार्थियों को 10 करोड़ रुपए की मुआवजा राशि प्रदान की : Patiala DC

पटियाला: पटियाला जिले के बाढ़ प्रभावित 42 गांवों के 4171 लाभार्थियों के बैंक खातों में 10 करोड़ रुपए से अधिक की मुआवजा राशि जमा कर दी गई है। डिप्टी कमिश्नर डा. प्रीति यादव ने बताया कि बाढ़ प्रभावित लोगों को विभिन्न चरणों में कुल 34.76 करोड़ रुपए की राशि वितरित की जानी है और पहले चरण के अंतर्गत मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के आदेशों के अनुसार पारदर्शी तरीके से लाभार्थियों को मुआवजा राशि प्रदान कर दी गई है।

आज मुआवजा वितरण संबंधी एडीसी (ज) सिमरप्रीत कौर, सभी एसडीएम ऑनलाइन और जिला राजस्व अधिकारी अंकिता अग्रवाल के साथ समीक्षा बैठक करते हुए डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि पंजाब सरकार के आदेशों पर जिला प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया है कि दिवाली के त्यौहार से पहले किसानों को पहली किस्त दे दी जाए। डा. प्रीति यादव ने बताया कि पंजाब में हाल ही में आई बाढ़ के कारण पटियाला जिले में ही 101 गांवों के लगभग 19000 एकड़ क्षेत्र में फसलों को नुक्सान हुआ है।

उन्होंने बताया कि पटियाला सब-डिवीजन में 8 गांव, समाना सब-डिवीजन में 6, राजपुरा सब-डिवीजन में 38, दूधन साधा सब-डिवीजन में 29 और पातड़ां सब-डिवीजन में 20 गांवों में किसानों की जमीनें बर्बाद हुई हैं, जिसके लिए पंजाब सरकार ने 34.76 करोड़ रुपए की मुआवजा राशि मंजूर की है। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि मुआवजा देने की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन पोर्टल पर विशेष गिरदावरी करवाई गई है और मुआवजा राशि सीधे किसानों के खातों में डाली जा रही है। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण के लिए अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं और शेष लाभार्थियों के खातों में भी शेष राशि डाल दी जाएगी।

ये भी पढ़ें : बाजार पर भू-राजनीतिक तनाव का असर, सेंसेक्स 1,097 अंक गिरकर बंद

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें