
भोपाल: केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण व ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र विदिशा में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने सांसद खेल महोत्सव की जानकारी देते हुए कहा कि, सांसद खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ 30 अक्टूबर को खेल परिसर विदिशा में किया जाएगा।
इस महोत्सव का आयोजन विदिशा संसदीय क्षेत्र की सभी 8 विधानसभाओं, 965 ग्राम पंचायतों, 19 नगर पालिका-नगर परिषदों, और 48 मंडलों में किया जा रहा है। सांसद खेल महोत्सव के शुभारंभ कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी, केन्द्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया जी और प्रसिद्ध क्रिकेट खिलाड़ी, देश के गौराव कपिल देव जी के साथ विदिशा संसदीय क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।

पंचायत, विधानसभा और संसदीय स्तर पर होंगी प्रतियोगिताएं
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, प्रधानमंत्री श्रीमान नरेन्द्र मोदी जी की मंशानुसार ग्रामीण खेलों को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष पहल की गई है। सांसद खेल महोत्सव में प्रतियोगिताएँ तीन स्तरों पर ग्राम पंचायत, विधानसभा और संसदीय स्तर पर आयोजित की जाएँगी।
उन्होंने कहा कि, देशी खेलों को फिर से स्थापित करने के उद्देश्य से कबड्डी और क्रिकेट प्रतियोगिताएँ भी कराई जाएँगी। इन खेलों का आयोजन संसदीय क्षेत्र स्तर तक किया जाएगा। कृषि मंत्री ने आयोजन की रूपरेखा बताते हुए कहा कि, पहले मंडल स्तर पर टीमें अपने मैच खेलेंगी। मंडल के विजेता विधानसभा स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगे। प्रत्येक आठ विधानसभा क्षेत्रों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को पुरस्कृत किया जाएगा।
इसके बाद इन विजेता टीमों में से चुनी गई आठ-आठ टीमें संसदीय स्तर पर भिड़ेंगी। उन्होंने कहा कि, संसदीय स्तर पर भी प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार दिए जाएँगे। उन्होंने कहा कि, खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि मन को भी आनंद देते हैं। इसलिए पंचायत स्तर पर ऐसे खेलों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें ग्रामीण जन आसानी से भाग ले सकें। इनमें रस्साकसी, कुर्सी दौड़, चम्मच दौड़ जैसे हल्के-फुल्के खेल शामिल किए जाएँगे।
ये भी पढ़ें: बोले सीएम योगी, अब UP के लोगों को इलाज के लिए दिल्ली में नहीं भटकना होगा
37 हजार से ज्यादा खिलाड़ियों ने कराया रजिस्ट्रेशन
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ 30 अक्टूबर को विदिशा के खेल परिसर में किया जाएगा। खेलों के प्रति उत्साह और जनजागरूकता बढ़ाने के लिए 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को संपूर्ण संसदीय क्षेत्र में टॉर्च रिले निकाली जाएगी।
पंचायत स्तर पर रस्साकसी, कुर्सी दौड़ और चम्मच दौड़ जैसे मनोरंजक खेल रखे गए हैं, जबकि कबड्डी और क्रिकेट प्रतियोगिताएँ संसदीय स्तर तक होंगी। इसके अलावा, स्थानीय परंपराओं और रुचियों को ध्यान में रखते हुए विदिशा में फुटबॉल, खातेगाँव में कुश्ती, इच्छावर में खो-खो और मंडीदीप में हॉकी प्रतियोगिताएँ स्थानीय स्तर पर कराई जाएँगी।
अब तक कुल 37 हजार 38 खिलाड़ियों ने अपना पंजीयन कराया है। 2 नवम्बर से 19 नवम्बर 2025 के बीच ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय स्तर पर रस्साकसी, म्यूजिकल चेयर और नींबू दौड़ की प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगी। 20 नवम्बर से 30 नवम्बर तक मंडल स्तर की प्रतियोगिताएँ, 5 दिसम्बर से 12 दिसम्बर तक विधानसभा स्तर की प्रतियोगिताएँ और 15 दिसम्बर से 25 दिसम्बर 2025 तक संसदीय स्तर की फाइनल प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...