Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

बड़ा हादसाः हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई मजदूरों से भरी बस, तीन की मौत, कई घायल

October 28, 2025

बड़ा हादसाः हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई मजदूरों से भरी बस, तीन की मौत, कई घायल

नेशनल डेस्क। राजस्थान में एक बड़ा हादसा हो गया है। जहां, जयपुर जिले के शाहपुरा इलाके में एक प्राइवेट स्लीपर बस अचानक हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गई, जिसके बाद बस में भीषण आग लग गई। बस में करंट दौड़ गया और अंदर बैठे तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 12 से ज्यादा मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए।

कहां हुआ हादसा
यह हादसा मनोहरपुर थाना क्षेत्र के टोड़ी गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि मजदूरों से भरी हुई बस कच्चे रास्ते से जा रही थी, तभी बस का ऊपरी हिस्सा हाई वोल्टेज लाइन से टकरा गया। कुछ ही सेकंड में पूरी बस आग की लपटों में घिर गई।

 

मौके पर मची अफरा-तफरी
बस में आग लगने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आस-पास के लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। मनोहरपुर पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। वहीं शाहपुरा और आसपास के क्षेत्रों से दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।

घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
इस हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर मौत हो गई, जबकि कई मजदूर झुलस गए। सभी घायलों को तुरंत शाहपुरा के उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से छह मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) हॉस्पिटल में रेफर किया गया है।

जांच में सामने आई ये बात
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बस सवारियों से पूरी तरह भरी हुई थी और ओवरलोड थी। बस चालक ने टोल टैक्स बचाने के लिए बस को कच्चे रास्ते पर उतार दिया। इसी दौरान बस की छत पर रखा सामान हाईटेंशन तार से टकरा गया, जिससे यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि सभी मजदूर दिवाली की छुट्टी बिताकर यूपी के पीलीभीत से लौट रहे थे और काम पर जा रहे थे।

SMS हॉस्पिटल को अलर्ट पर रखा गया
हादसे की जानकारी मिलते ही जयपुर जिला कलेक्टर जितेंद्र सोनी मौके के लिए रवाना हो गए। वहीं, पुलिस की विशेष टीम और सिविल डिफेंस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई है।
SMS हॉस्पिटल को अलर्ट पर रखा गया है, ताकि घायलों को तुरंत इलाज मिल सके।

दमकल की टीम आग बुझाने में जुटी
फिलहाल दमकल की टीम आग बुझाने में जुटी हुई है, और पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। यह हादसा इस बात की बड़ी चेतावनी है कि थोड़ी सी लापरवाही कितनी बड़ी त्रासदी का कारण बन सकती है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें