Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘कांग्रेस और RJD छठी मैया का अपमान कर रहे’, मुजफ्फरपुर रैली से पीएम मोदी का हमला

October 30, 2025

‘कांग्रेस और RJD छठी मैया का अपमान कर रहे’, मुजफ्फरपुर रैली से पीएम मोदी का हमला

नेशनल डेस्क- बिहार में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद सभी सियासी पार्टियों ने चुनाव प्रचार अभियान तेज कर दिया है। इसी बीच पीएम मोदी ने आज मुजफ्फरपुर में एक बड़ी विशाल जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि छठ पूजा के बाद यह मेरी पहली सार्वजनिक रैली है। कांग्रेस और राजद छठी मैया का अपमान कर रहे हैं।

कह रह छठी मैया की पूजा एक नौटंकी

पीएम मोदी ने कांग्रेस और राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और राजद छठी मैया का अपमान कर रहे हैं। कह रहे छठी मैया की पूजा एक नाटक और नौटंकी है। क्या चुनाव में वोट के लिए कोई छठी मैया का अपमान कर सकता है? क्या बिहार और देश की जनता इसे बर्दाश्त करेगी? क्या आप उनसे सहमत हैं? क्या आप उन्हें दंडित करेंगे या नहीं?”

 

विपक्ष पर जमकर हमला बोला

पीएम मोदी ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा, ”जहां कटुता फैलाने वाले राजद और कांग्रेस होते हैं, वहां समाज में सद्भावना मुश्किल हो जाती है। जहां राजद और कांग्रेस का कुशासन होता है, वहां विकास का नामोनिशान नहीं होता। जहां भ्रष्टाचार होता है, वहां सामाजिक न्याय नहीं होता। गरीबों का हक लूटा जाता है, केवल कुछ परिवार ही फलते-फूलते हैं। ऐसे लोग कभी बिहार का भला नहीं कर सकते।”  पीएम मोदी ने कहा कि आरजेडी-कांग्रेस को पांच चीजों से पहचाना जा सकता है। कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और भ्रष्टाचार… जहां ‘कट्टा’ होता है, जहां क्रूरता का शासन होता है, वहां कानून टूट जाता है।”

 

एक बार फिर एनडीए सरकार

पीएम मोदी ने कहा, ”छठ पूजा के बाद यह मेरी पहली सार्वजनिक रैली है… हमारी सरकार छठ महापर्व के लिए यूनेस्को अमूर्त सांस्कृतिक विरासत का दर्जा हासिल करने की कोशिश कर रही है। यहां की लीची जितनी मीठी होती है, उतनी ही मीठी है। मैं देख सकता हूं कि यहां बड़ी संख्या में युवा और महिलाएं इकट्ठा हुई हैं। एक बार फिर एनडीए सरकार।”

बिहार का विकास NDA की प्राथमिकता 

पीएम मोदी ने कहा, ”बिहार का गौरव और बढ़ाना, बिहार की मीठी बोली, बिहार की संस्कृति को दुनिया के कोने-कोने में ले जाना, बिहार का विकास करना ही NDA और भाजपा की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। जब भारत समृद्ध था, आर्थिक रूप से, ज्ञान-विज्ञान की सबसे बड़ी ताकत था, तब उसमें बिहार की बहुत बड़ी भूमिका थी। इसलिए आज विकसित भारत बनाने के लिए भी बिहार का विकसित होना बहुत जरूरी है।” पीएम ने कहा कि राजद और कांग्रेस कभी भी बिहार का विकास नहीं कर सकते। इन दलों ने दशकों तक बिहार पर शासन किया, लेकिन उन्होंने लोगों को केवल विश्वासघात और झूठे वादे दिए

NDA-महागठबंधन के बीच मुकाबला

2025 के बिहार चुनाव में मुख्य मुकाबला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन और महागठबंधन के बीच होगा। एनडीए में भारतीय जनता पार्टी, जनता दल (यूनाइटेड), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल हैं। राष्ट्रीय जनता दल के नेतृत्व वाले महागठबंधन में कांग्रेस पार्टी, दीपांकर भट्टाचार्य के नेतृत्व वाली भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) (सीपीआई-एमएल), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) (सीपीएम) और मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) शामिल हैं। इसके अलावा, प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने राज्य की सभी 243 सीटों पर दावा ठोक दिया है।

चुनाव की तारीखें

बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे। इसमें से पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होगा जबकि दूसरे चरण के मतदान 11 नवंबर को होंगे। बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें