Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

लाहौर बना दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर, दिल्ली और कोलकाता को छोड़ा पीछे

October 30, 2025

लाहौर बना दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर, दिल्ली और कोलकाता को छोड़ा पीछे

इंटरनेशनल डेस्क: पाकिस्तान का लाहौर शहर एक बार फिर दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर घोषित कर दिया गया है। IQAir के अनुसार, लाहौर की हवा बहुत ज्यादा खराब हो चुकी है, जो WHO के मानकों से 25 गुना ज्यादा प्रदूषित है। ये पिछले एक हफ्ते में दूसरी बार है, जब लाहौर को सबसे प्रदूषित शहर का ‘खिताब’ दिया गया है।

IQAir के अनुसार, लाहौर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) सोमवार को 312 तक पहुंच गया, जो खतरनाक श्रेणी में आता है। शहर की हवा में मौजूद PM2.5 कणों की मात्रा 190.5 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर दर्ज की गई जबकि WHO का सुरक्षित स्तर सिर्फ 5 माइक्रोग्राम तक है।

ये भी पढ़ें: ‘कांग्रेस और RJD छठी मैया का अपमान कर रहे’, मुजफ्फरपुर रैली से पीएम मोदी का हमला

दिल्ली और कोलकाता को छोड़ा पीछे

लाहौर दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों की लिस्ट में सबसे ऊपर आ गया है। इसने दिल्ली (AQI 220) और कोलकाता (AQI 170) को पीछे छोड़ दिया है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस स्तर का प्रदूषण बच्चों, बुजुर्गों और सांस की बीमारी वाले मरीजों के लिए बहुत खतरनाक है। बता दें लाहौर में हर साल अक्टूबर से फरवरी के बीच स्मॉग का कहर रहता है लेकिन इस बार स्मॉग सीजन की शुरुआत ही बेहद खराब स्तर से हुई है।

पंजाब की पर्यावरण मंत्री मरियम औरंगजेब ने कहा कि सरकार ने लाहौर में स्मॉग से निपटने के लिए स्मॉग इमरजेंसी प्लान लागू किया है, जिसके तहत ईट भट्ठों, फैक्ट्रियों और धुआं छोड़ने वाले वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है। फील्ड टीमें 24 घंटे निगरानी कर रही हैं और फसल अवशेष जलाने पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। शहर में स्मॉग गन और कृत्रिम बारिश जैसी तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है।

लोगों से मास्क पहनने की अपील

पर्यावरण विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि वे बिना जरूरत के बाहर न निकलें। बाहर निकलते समय मास्क पहनना जरूरी है ताकि प्रदूषण के असर को कम किया जा सके। IQAir के अनुसार, 22 से 25 अक्टूबर के बीच लाहौर दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर रहा था। उस समय AQI 412 तक पहुंच गया था, जिससे शहर में स्वास्थ्य अलर्ट और प्रदूषण पर सख्ती के आदेश जारी किए गए थे।

ये भी पढ़ें: पुष्कर मेला: चर्चा में ‘शाहबाज’ घोड़ा और ‘अनमोल’ भैंसा, कीमतें उड़ा देंगी होश

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें