IND-W vs SA-W: खेल डेस्क। क्रिकेट प्रेमियों के लिए आज का दिन बेहद खास है। आज महिला वनडे विश्व कप 2025 का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इस रोमांचक मैच में भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में दोपहर 3 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 2:30 बजे होगा। दोनों ही टीमें अपनी पहली विश्व कप ट्रॉफी जीतने के लिए मैदान पर उतरेंगी।
दोनों टीमों को पहली बार खिताब की तलाश
भारतीय महिला टीम तीसरी बार वनडे विश्व कप के फाइनल में पहुंची है। इससे पहले 2005 में ऑस्ट्रेलिया और 2017 में इंग्लैंड ने भारत को फाइनल में हराया था। इस बार इतिहास बनना तय है, क्योंकि यह पहला ऐसा फाइनल होगा जिसमें ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड दोनों नहीं हैं। दक्षिण अफ्रीका की टीम भी पहली बार फाइनल में पहुंची है। इसलिए इस बार महिला क्रिकेट को एक नया विश्व चैंपियन मिलेगा। गौर करने वाली बात यह है कि साल 2000 के बाद पहली बार कोई नई टीम विश्व चैंपियन बनेगी। तब न्यूजीलैंड ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर खिताब जीता था। अब तक ऑस्ट्रेलिया सात बार और इंग्लैंड चार बार विश्व विजेता बन चुके हैं।
‘𝐄𝐧𝐣𝐨𝐲 𝐭𝐡𝐞 𝐨𝐜𝐜𝐚𝐬𝐢𝐨𝐧, 𝐛𝐞 𝐟𝐞𝐚𝐫𝐥𝐞𝐬𝐬’ 💙 #WomenInBlue, you’ve got one 𝙨𝙥𝙚𝙘𝙞𝙖𝙡 𝙢𝙚𝙨𝙨𝙖𝙜𝙚 from the #MenInBlue ahead of the #Final 📩🇮🇳#TeamIndia | #CWC25 | #INDvSA | @BCCIWomen pic.twitter.com/qG5chQgszY
— BCCI (@BCCI) November 1, 2025
भारत की इन खिलाड़ियों पर रहेगी उम्मीदें
हरमनप्रीत कौरः भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 80 से ज्यादा रन की शानदार पारी खेली थी। अब तक खेले गए 7 मैचों में उन्होंने 240 रन बनाए हैं। फाइनल में उनसे एक बार फिर बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी।
स्मृति मंधानाः स्मृति मंधाना ने इस टूर्नामेंट में 8 मैचों में 389 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 102.36 रही है। उन्होंने अब तक एक शतक और दो अर्धशतक लगाए हैं। फाइनल में अगर मंधाना का बल्ला चला तो भारत की जीत तय मानी जा रही है।
जेमिमा रोड्रिग्सः जेमिमा रोड्रिग्स ने 7 मैचों में 268 रन बनाए हैं। उनकी सबसे यादगार पारी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नाबाद शतक रही।
वह तेज रन बनाने के साथ-साथ मुश्किल समय में साझेदारी भी निभाती हैं। फाइनल में उनसे लंबी पारी की उम्मीद होगी।
दीप्ति शर्माः दीप्ति शर्मा इस विश्व कप में शानदार गेंदबाजी कर रही हैं। उन्होंने 8 मैचों में 17 विकेट लिए हैं और उनकी इकोनॉमी रेट 5.70 रही है। वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाजों में शामिल हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की कप्तान वोलवार्ड्ट को तीन बार आउट किया है, जो भारत के लिए बड़ी बात है।

दक्षिण अफ्रीकी के इन खिलाड़ियों से रहना होगा सावधान
मारिजन कपः मारिजन कप इस टूर्नामेंट में शानदार गेंदबाज रही हैं। उनकी इकोनॉमी रेट 3.83 है और उन्होंने 12 विकेट लिए हैं।
सेमीफाइनल में उन्होंने अकेले 5 विकेट झटके थे। वह विश्व कप इतिहास की सबसे ज्यादा विकेट (44) लेने वाली गेंदबाज हैं।
एन म्लाबाः एन म्लाबा ने इस टूर्नामेंट में अब तक 12 विकेट लिए हैं। उनकी स्पिन गेंदबाजी से बल्लेबाज परेशान नजर आए हैं। वह साझेदारियां तोड़ने में माहिर हैं और भारत के खिलाफ भी बड़ा खतरा साबित हो सकती हैं।
नादिन डी क्लार्कः नादिन डी क्लार्क ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने अब तक 190 रन बनाए और 8 विकेट लिए हैं। भारत के खिलाफ उन्होंने पहले मैच में 84 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली थी। वह अब तक 10 छक्के लगा चुकी हैं, इसलिए उनसे सावधानी जरूरी है।
लाउरा वोलवार्ड्टः दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लाउरा वोलवार्ड्ट जबरदस्त फॉर्म में हैं। उन्होंने 8 मैचों में 470 रन बनाए हैं और वह टूर्नामेंट की टॉप रन स्कोरर हैं। सेमीफाइनल में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 169 रन बनाए थे। भारतीय गेंदबाजों के लिए उन्हें रोकना आसान नहीं होगा।
आज बनेगा इतिहास
आज का मुकाबला महिला क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय लिखेगा। क्योंकि चाहे भारत जीते या दक्षिण अफ्रीका, दुनिया को मिलेगा एक नया महिला विश्व चैंपियन!
ये भी पढ़ेंः Tulsi Vivah 2025: तुलसी विवाह आज, जानें विधि-विधान… शुभ मुहूर्त में ऐसे करें पूजा
मेष: दिन शुभ रहेगा...