
इंटरनेशनल डेस्क: स्थानीय समयानुसार 31 अक्तूबर को, चाइना मीडिया ग्रुप (सीएमजी) और लागोस में चीनी महावाणिज्य दूतावास द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित “नवाचार, खुलेपन और साझा विकास” वैश्विक संवाद का नाइजीरियाई सत्र इस देश के सबसे बड़े बंदरगाह शहर लागोस में आयोजित हुआ। चाइना मीडिया ग्रुप के महानिदेशक शन हाईश्योंग और नाइजीरियाई युवा विकास मंत्री अयोडेले ओलावंडे ने अलग-अलग तौर वीडियो भाषण दिया। लागोस में चीनी महावाणिज्य दूत यान य्वीछिंग सहित दोनों देशों के राजनीतिक, आर्थिक व व्यापारिक, अकादमिक, मीडिया जगत से 300 से अधिक अतिथियों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।
सीएमजी महानिदेशक शन हाईश्योंग ने अपने वीडियो भाषण में कहा कि चीन की राजधानी पेइचिंग में हालिया संपन्न चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की 20वीं केंद्रीय समिति का चौथा पूर्णाधिवेशन नये युग में चीन के लिए एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, जिसने एक बार फिर दुनिया के सामने गंभीरता से घोषणा की कि चीन अपने उच्च-स्तरीय खुलेपन का विस्तार करेगा और सभी पक्षों के लिए जीत-जीत सहयोग का एक नया परिदृश्य तैयार करेगा। शीघ्र ही समाप्त होने वाली “14वीं पंचवर्षीय योजना” (2021-2025) पर नजर डालें, तो चीन का आर्थिक और सामाजिक विकास एक नए स्तर पर पहुंच गया है, तथा वैश्विक आर्थिक विकास में इसका योगदान लगभग 30% बना हुआ है।
शन हाईश्योंग के अनुसार, चाइना मीडिया ग्रुप के अधीनस्थ सीजीटीएन द्वारा किए गए एक वैश्विक सर्वेक्षण से पता चलता है कि 84% से अधिक उत्तरदाता चीन को एक सफल देश मानते हैं, तथा 86.4% उत्तरदाता वैश्विक आर्थिक विकास में चीन के महत्वपूर्ण योगदान को पूरी तरह से स्वीकार करते हैं। यह अनुमान लगाया जा सकता है कि चीन के नए विकास खाका से निर्देशित होकर, चीन के खुलेपन का द्वार और अधिक खुलता रहेगा, जिससे विश्व के लिए अधिक जीत के अवसर पैदा होंगे।
शन ने यह भी कहा कि चाइना मीडिया ग्रुप अपने सहयोगियों के साथ मिलकर सामूहिक ज्ञान और परामर्श के लिए एक वैश्विक मंच का निर्माण करेगा, “चार वैश्विक पहलों” को लागू करेगा, वैश्विक शासन के लिए चीन के समाधानों को दुनिया के साथ साझा करेगा, चीनी शैली के आधुनिकीकरण की व्यापक संभावनाओं को दुनिया के साथ साझा करेगा, और नए युग में चीन की अभिनव गति को दुनिया के साथ साझा करेगा।
वहीं, नाइजीरियाई युवा विकास मंत्री अयोडेले ओलावंडे ने अपने वीडियो भाषण में कहा कि नाइजीरिया और चीन के बीच मैत्री “वैश्विक दक्षिण” में सबसे गतिशील साझेदारियों में से एक बन गई है, जो आपसी विश्वास की ठोस नींव पर बनी है और दोनों पक्षों के बीच साझा दृष्टिकोण, आपसी सम्मान और लोगों से लोगों के बीच संपर्क को पूरी तरह से प्रतिबिंबित करती है। नाइजीरियाई युवा विकास मंत्रालय संबंधित चीनी विभागों के साथ सहयोग को मजबूत करना चाहता है, ताकि युवा आदान-प्रदान और सहयोग की चौड़ाई और गहराई का निरंतर विस्तार किया जा सके और संयुक्त रूप से नाइजीरिया-चीन संबंधों को उच्च स्तर तक बढ़ाया जा सके।
उधर, लागोस में चीनी महावाणिज्य दूत यान य्वीछिंग ने कहा कि “15वीं पंचवर्षीय योजना” उच्च-स्तरीय खुलेपन के विस्तार पर ज़ोर देती है, जिससे नाइजीरिया सहित दुनिया भर के देशों के लिए बाज़ार, निवेश और सहयोग के ज़्यादा अवसर उपलब्ध होंगे। चीन “15वीं पंचवर्षीय योजना” को नाइजीरिया के “आशा जगाओ” एजेंडे और “बेल्ट एंड रोड” पहल तथा चीन-अफ्रीका सहयोग मंच के ढांचे में इसके आठ प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के साथ और भी नज़दीकी से जोड़ने को तैयार है, ताकि दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को एक नए स्तर पर पहुँचाया जा सके, जिससे दोनों देशों की जनता को बेहतर लाभ मिल सके और एक घनिष्ठ चीन-अफ्रीका साझा भविष्य वाले समुदाय के निर्माण और विश्व शांति व विकास में और ज़्यादा योगदान दिया जा सके।
संवाद में भाग लेने वाले अतिथियों ने विचारों का आदान-प्रदान किया और “एक साथ सतत और समृद्ध भविष्य का निर्माण” विषय पर चर्चा की। उन्होंने एक स्वर में कहा कि चीन और अफ्रीका को संयुक्त रूप से जीत-जीत सहयोग के लिए एक नया खाका तैयार करना चाहिए, और “बेल्ट एंड रोड” पहल के उच्च-गुणवत्ता वाले विकास को इंजन के रूप में उपयोग करके सतत समृद्धि के लिए एक व्यापक मार्ग का निर्माण करना आवश्यक है।
ये भी पढ़ें- संघर्ष से सफलता तक अनिल कपूर की कहानी, शुरुआती दिनों की यादें फिर हुईं ताजा
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
मेष: दिन शुभ रहेगा...