Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

Women’s World Cup: भारतीय महिला टीम पर हुई पैसों की बारिश, इतने करोड़ रुपये देगा BCCI

November 3, 2025

Women’s World Cup: भारतीय महिला टीम पर हुई पैसों की बारिश, इतने करोड़ रुपये देगा BCCI

खेल डेस्क। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पहली बार आईसीसी महिला विश्व कप जीत लिया है। मुंबई के डी. वाई. पाटिल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ भारत ने दुनिया को दिखा दिया कि अब महिला क्रिकेट भी किसी से कम नहीं है।

51 करोड़ रुपए के इनाम की घोषणा
टीम की जीत के बाद पूरे देश में खुशी और जश्न का माहौल है। लोग सड़कों पर उतरकर खिलाड़ियों की तारीफ कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर भी #WomenInBlue ट्रेंड कर रहा है।बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने टीम की इस बड़ी उपलब्धि पर खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए 51 करोड़ रुपए के इनाम की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह पल भारतीय महिला क्रिकेट के इतिहास में “स्वर्णिम अध्याय” के रूप में दर्ज होगा।

 

आईपीएल अध्यक्ष अरुण धूमल ने दी प्रतिक्रिया
आईपीएल अध्यक्ष अरुण धूमल ने इस जीत को भारत के क्रिकेट इतिहास के लिए बहुत खास बताया। उन्होंने कहा, “पुरुष टीम ने 1983 में जो किया था, वही आज महिलाओं ने दोहराया है। यह दिन भारतीय क्रिकेट के इतिहास में हमेशा याद रहेगा।” उन्होंने भरोसा जताया कि इस जीत से महिला क्रिकेट को नई पहचान मिलेगी और आने वाले समय में इसे और भी ऊंचाइयां हासिल होंगी।

मैच का पूरा हाल
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 298 रन बनाए। टीम की सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने शानदार 87 रन, दीप्ति शर्मा ने 58 रन और स्मृति मंधाना ने 45 रन की उपयोगी पारी खेली। भारत की ओपनिंग जोड़ी ने 100 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दी।

दक्षिण अफ्रीका की पारी
लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने भी अच्छी शुरुआत की। उनकी बल्लेबाज लौरा वोल्वार्ड्ट ने शानदार 101 रन बनाए, लेकिन बाकी खिलाड़ी भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाईं। भारत की दीप्ति शर्मा ने 5 विकेट लेकर कमाल कर दिया। शेफाली वर्मा ने भी गेंद से शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 विकेट झटके। आखिर में दक्षिण अफ्रीका की पूरी टीम 246 रन पर ऑलआउट हो गई और भारत ने मुकाबला 52 रन से जीत लिया।

भारतीय खिलाड़ी खुशी के आंसुओं में झूम उठीं
मैच खत्म होते ही मैदान में भारतीय खिलाड़ी खुशी के आंसुओं में झूम उठीं। हर ओर तिरंगा लहराया और दर्शक दीर्घा में “भारत माता की जय” के नारे गूंज उठे। यह जीत सिर्फ एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि भारतीय महिला क्रिकेट की नई शुरुआत है। अब दुनिया भर में भारत की बेटियों का जलवा छा गया है।

ये भी पढ़ेंः Women’s World Cup: ‘प्लेयर ऑफ द मैच रहीं शेफाली वर्मा’, कहा- भगवान ने मुझे कुछ अच्छा करने के लिए भेजा था

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें