Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

तेलंगाना में बड़ा सड़क हादसा: बस और ट्रक की टक्कर में 20 लोगों की मौत, कई घायल

November 3, 2025

तेलंगाना में बड़ा सड़क हादसा: बस और ट्रक की टक्कर में 20 लोगों की मौत, कई घायल

नेशनल डेस्क। तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना चेवेला मंडल के खनापुर गेट के पास उस समय हुई जब टीजीएसआरटीसी की बस और एक टिपर ट्रक आमने-सामने टकरा गए। पुलिस के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब ट्रक गलत दिशा से आ रहा था और बस से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के आगे का हिस्सा पूरी तरह टूट गया और कई यात्री अंदर फंस गए।

राहत और बचाव अभियान जारी
हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। चेवेला पुलिस और प्रशासन की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने बताया कि हादसे की प्राथमिक वजह ट्रक चालक की लापरवाही लग रही है। चालक की पहचान की जा रही है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

परिवहन मंत्री पोनम प्रभाकर ने घटना को लेकर जताया दुख
तेलंगाना के परिवहन मंत्री पोनम प्रभाकर ने इस घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह हादसा बहुत दर्दनाक और दुखद है। मंत्री ने आरटीसी के एमडी नागी रेड्डी और रंगारेड्डी जिला कलेक्टर से फोन पर बात कर घायलों को बेहतर इलाज देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी जरूरी इंतजाम किए जाएं और पीड़ित परिवारों की हरसंभव मदद की जाए।

केटी रामाराव (KTR) ने भी जताया शोक
तेलंगाना के पूर्व मंत्री और बीआरएस के नेता केटी रामाराव (KTR) ने भी हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि चेवेला मंडल में हुआ यह हादसा बेहद दर्दनाक है और20 लोगों की जान जाना बहुत बड़ी त्रासदी है। केटीआर ने राज्य सरकार से अपील की कि मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता दी जाए और घायलों को सर्वोत्तम इलाज मुहैया कराया जाए।

स्थानीय लोगों में शोक की लहर
इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और दुख का माहौल है। स्थानीय लोगों ने कहा कि सरकार को सड़क सुरक्षा पर सख्त कदम उठाने चाहिए ताकि ऐसे हादसे दोबारा न हों।

ये भी पढ़ेंः दिल्‍ली-NCR में बढ़ा प्रदूषण: सांस लेना हुआ मुश्किल, AQI 319 किया गया दर्ज

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें