Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

हमें सभी ओसामा बिन लादेन का सफाया करना होगा… हिमंत सरमा का शहाबुद्दीन के बेटे पर तीखा हमला

November 4, 2025

हमें सभी ओसामा बिन लादेन का सफाया करना होगा… हिमंत सरमा का शहाबुद्दीन के बेटे पर तीखा हमला

नेशनल डेस्क: असम के मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता हिमंत बिस्वा सरमा ने बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान राजद (RJD) उम्मीदवार ओसामा शहाब पर निशाना साधा है। ओसामा, दिवंगत बाहुबली नेता और पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन के बेटे हैं। वे इस बार रघुनाथपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं।

हिमंत बिस्वा सरमा का बयान 

रघुनाथपुर में एक रैली के दौरान हिमंत बिस्वा सरमा ने ओसामा को आतंकी ओसामा बिन लादेन से जोड़ते हुए कहा, “रघुनाथपुर आने से पहले मैंने सोचा था कि भगवान राम, लक्ष्मण और सीता के दर्शन करूंगा। लेकिन यहां मुझे बताया गया कि यहां कई राम, लक्ष्मण, सीता हैं और एक ओसामा भी है। मैंने पूछा, यह ओसामा कौन है? तो लोगों ने कहा, यह ओसामा, ओसामा बिन लादेन जैसा है। हमें राज्य से ऐसे सभी ओसामा बिन लादेनों का खात्मा करना होगा।”

सरमा ने आगे कहा कि ओसामा के पिता शहाबुद्दीन का नाम पूरे देश में अपराधों के लिए जाना जाता था। 31 वर्षीय ओसामा शहाब पहली बार चुनावी मैदान में हैं। वे राजद के टिकट पर रघुनाथपुर सीट से किस्मत आजमा रहे हैं। यह सीट उनके पिता शहाबुद्दीन का गढ़ मानी जाती है, जो लालू प्रसाद यादव की पार्टी राजद से चार बार सांसद रह चुके हैं।

विवादों में है ओसामा की उम्मीदवारी

हालांकि, ओसामा की उम्मीदवारी विवादों में है क्योंकि उनके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें शस्त्र अधिनियम 1959 से जुड़े मामले भी शामिल हैं। उनके पिता शहाबुद्दीन के खिलाफ भी कई हत्या और हत्या के प्रयास के केस दर्ज रहे हैं।राजद द्वारा ओसामा को टिकट देने के फैसले पर कई राजनीतिक दलों और लोगों ने सवाल उठाए हैं। रघुनाथपुर सीट पर इस बार राजद के ओसामा शहाब, जन सुराज पार्टी के राहुल कीर्ति, और जेडीयू के विकास कुमार सिंहके बीच मुकाबला है।

NDA-महागठबंधन के बीच मुकाबला 

इस बार मुख्य मुकाबला राजग (NDA) और महागठबंधन (Grand Alliance) के बीच है। राजग में बीजेपी, जेडीयू, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर), और राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल हैं। महागठबंधन में राजद, कांग्रेस, भाकपा-माले, भाकपा, माकपा और वीआईपी पार्टी शामिल हैं। इसके अलावा, प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने राज्य की सभी 243 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे 6 नवंबर और 11 नवंबर को, जबकि नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें