श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। मध्य कश्मीर के गांदरबल और बांदीपोरा जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी के चलते बुधवार सुबह श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग और गुरेज मार्ग को यातायात के लिए बंद कर दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, जोजिला, सोनमर्ग, मिनीमर्ग, द्रास और राजदान टॉप में भारी बर्फबारी हुई है, जिससे सड़कों पर फिसलन बढ़ गई और वाहनों की आवाजाही जोखिमपूर्ण हो गई।
बता दें कि मंगलवार शाम करीब छह बजे से ही सोनमर्ग और आसपास के क्षेत्रों में बर्फ गिरनी शुरू हो गई थी। रातभर चली बर्फबारी के कारण तापमान में भारी गिरावट आई और राजमार्ग पर कई वाहन फंस गए। यातायात पुलिस ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनज़र प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से मार्ग बंद करने का निर्णय लिया। एक अधिकारी के अनुसार, जोजिला में करीब नौ इंच जबकि सोनमर्ग में लगभग पांच इंच बर्फ गिरी है।
मौसम विभाग ने पहले ही जम्मू-कश्मीर के ऊपरी इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी किया था, जो अब सटीक साबित हुआ है। विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में भी ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम शुष्क रहने की संभावना कम है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि जब तक बर्फ हटाने का कार्य पूरा नहीं हो जाता और सड़क को सुरक्षित घोषित नहीं किया जाता, तब तक वे यात्रा से बचें। पुलिस और BRO (बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन) की टीमें सड़क से बर्फ हटाने में जुटी हैं।
वहीं, पुंछ जिले में भी ताजा बर्फबारी के कारण ऐतिहासिक मुगल रोड को रत्ता छंब से लेकर पीर की गली तक अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। BRO के जवानों ने सड़क पर जमा बर्फ को हटाने का अभियान शुरू कर दिया है और उम्मीद है कि दोपहर तक यातायात आंशिक रूप से बहाल कर दिया जाएगा। अधिकारियों ने कहा है कि यात्रियों को मौसम की ताजा जानकारी और यातायात सलाहकारियों पर नजर बनाए रखनी चाहिए ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।