नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को बिहार के अररिया में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि राजद के शासनकाल में बिहार “जंगलराज” की स्थिति में चला गया था, जहाँ सिर्फ कट्टा (हथियार), कटुता, क्रूरता, कुशासन, कुसंस्कार और भ्रष्टाचार का बोलबाला था।
ये भी पढ़ें: इस शहर के बस अड्डे पर बड़ा हादसा, बस ने स्कूली छात्राओं को कुचला
पीएम मोदी ने कहा कि 1990 के दशक में जब राजद की सरकार थी, तब बिहार की पहचान सामाजिक न्याय की बजाय अपराध और भ्रष्टाचार से होने लगी। उन्होंने कहा, “आपके दादा-दादी और नाना-नानी के एक वोट ने बिहार को सामाजिक न्याय की धरती बनाया था। लेकिन जब 90 का दशक आया, तब जंगलराज ने इस धरती को बर्बाद कर दिया। उस समय बिहार में कुशासन और अपराध फैल गया, जिससे लोगों के सपने टूट गए।”
#WATCH | Araria, Bihar: Prime Minister Narendra Modi says, “Today, I am telling you about the power of your vote. Your grandparents, maternal grandparents’ one vote had made Bihar the land of social justice. But then, the 90s decade came, and RJD’s jungle raj attacked Bihar.… pic.twitter.com/PXvBYFxGuL
— ANI (@ANI) November 6, 2025
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को उस दौर से बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई। मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार के आने के बाद राज्य में विकास की रफ्तार तेज हुई है। उन्होंने बताया कि बिहार में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कई बड़े संस्थान खोले गए हैं, जैसे पटना में आईआईटी और एम्स, बोधगया में आईआईएम, भागलपुर में आईआईआईटी और एक राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एनएलयू)। उन्होंने कहा कि अब बिहार में चार केंद्रीय विश्वविद्यालय भी हैं, जो राज्य की नई पहचान बना रहे हैं।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि 2014 के बाद “डबल इंजन सरकार” के कारण बिहार में विकास के कामों में तेजी आई है और राज्य “जंगलराज” से निकलकर “विकासराज” की ओर बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में घुसपैठियों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार हर घुसपैठिए की पहचान कर उन्हें देश से बाहर भेजने के लिए पूरी ईमानदारी से काम कर रही है। मोदी ने आरोप लगाया, “लेकिन राजद और कांग्रेस के नेता घुसपैठियों को बचाने में लगे हैं। वे झूठ फैलाकर लोगों को गुमराह करते हैं और राजनीतिक दौरे निकालते हैं।”
अररिया में सभा के बाद पीएम मोदी का कार्यक्रम भागलपुर जाने का था, जहां वे एक और चुनावी सभा को संबोधित करने वाले थे। इस बीच, बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान जारी हैं। सुबह 11 बजे तक कुल 27.65 प्रतिशत मतदान हुआ। निर्वाचन आयोग ने बताया कि दोपहर तक मतदान प्रतिशत और बढ़ने की संभावना है।