Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग खत्म, जानें कितने प्रतिशत हुआ मतदान

November 6, 2025

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग खत्म, जानें कितने प्रतिशत हुआ मतदान

नेशनल डेस्क: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग खत्म हो गई है। भारतीय चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, शाम 5 बजे तक कुल 60.13 प्रतिशत मतदान हुआ। इस चरण में 18 जिलों में वोटिंग हुई। इनमें बेगूसराय में सबसे ज्यादा 67.32% मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद गोपालगंज में 64.96% और मुजफ्फरपुर में 64.63% मतदान हुआ। वहीं राजधानी पटना जिले में वोटिंग का प्रतिशत 55.02% रहा।

अन्य जिलों में मतदान का हाल इस प्रकार रहा

लखीसराय: 62.76%
मधेपुरा: 65.74%
भोजपुर: 53.24%
बक्सर: 55.10%
दरभंगा: 58.38%
खगड़िया: 60.65%
मुंगेर: 54.90%
नालंदा: 57.58%
सहरसा: 62.65%
समस्तीपुर: 66.65%
सारण: 60.90%
शेखपुरा: 52.36%
सीवान: 57.41%
वैशाली: 59.45%

प्रमुख विधानसभा क्षेत्रों में भी अच्छी वोटिंग देखने को मिली। राघोपुर में 64.01%, फुलवारी में 62.14%, मोकामा में 62.16%, जबकि बांकीपुर में सबसे कम लगभग 40% मतदान हुआ। पहले चरण में कई बड़े नेताओं की किस्मत ईवीएम में बंद हो गई है। इनमें राजद नेता तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव, भाजपा नेता सम्राट चौधरी और मंगल पांडे, तथा जदयू के श्रवण कुमार और विजय कुमार चौधरी जैसे दिग्गज शामिल हैं।

घरों से बाहर निकलें और वोट का प्रयोग जरूर करें- नीतीश कुमार 

इससे पहले  बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार की जनता से अपील की है कि वे घरों से बाहर निकलें और वोट का प्रयोग जरूर करें। सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि लोकतंत्र में मतदान केवल हमारा अधिकार ही नहीं, दायित्व भी है। आज बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान हो रहा है – सभी मतदाताओं से आग्रह है कि अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। मतदान करें और दूसरों को भी प्रेरित करें। पहले मतदान, फिर जलपान।

डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने एक्स पोस्ट में लिखा कि एक-एक बिहारी का मतदान, राज्य के विकास में योगदान! लोकतंत्र के महापर्व में गृह विधानसभा क्षेत्र तारापुर में मत का प्रयोग किया। आप सभी बढ़-चढ़कर मतदान करिए और एक सशक्त, सुरक्षित, समृद्ध तथा विकसित बिहार के लिए वोट करें।


गिरिराज सिंह ने डाला वोट

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह बाराहिया के इंटर-लेवल स्टेट-रन हायर सेकेंडरी स्कूल स्थित मतदान केंद्र पहुंचे और अपना वोट डाला। गिरिराज सिंह ने मतदान के बाद आईएएनएस से कहा कि इस बार एनडीए 121 सीटें जीतेगी और 2010 के चुनाव से भी अधिक सीटें हासिल करेगी। उन्होंने दावा किया कि जनता का पूरा समर्थन एनडीए के साथ है और बिहार में मजबूत सरकार बनेगी।

राबड़ी देवी की जनता से अपील- जरूर डालें वोट 

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बीच पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने गुरुवार को कहा कि मेरी सभी से अपील है कि वे वोट जरूर डालें। मैं सभी का धन्यवाद करती हूं और सभी से वोट डालने का आग्रह करती हूं। वहीं, राजद नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने अपने पूरे परिवार के साथ मतदान किया।

राजद नेता मीसा भारती ने भी वोट डाला। वोट डालने के बाद मीसा भारती ने मीडिया से कहा कि मैं बस इतना कहना चाहती हूं कि सभी को अपने बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए वोट देना चाहिए। उन्होंने कहा मुझे संख्या की चिंता नहीं है, लेकिन हम निश्चित रूप से सरकार बनाने जा रहे हैं, क्योंकि युवा यही चाहते हैं और वे अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं।

14 नवंबर को जारी होंगे नतीजे 

बिहार में पहले चरण में 121 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हुआ। कुछ सीटों पर सुरक्षा कारणों से मतदान शाम 5 बजे तक ही चला, जबकि बाकी जगहों पर 6 बजे तक वोटिंग हुई। अब दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर को होगी और मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी। पिछले यानी 2020 के चुनाव में मतदान तीन चरणों में हुआ था। तब एनडीए को 125 सीटें और महागठबंधन को 110 सीटें मिली थीं। उस समय जदयू को 43, भाजपा को 74, राजद को 75 और कांग्रेस को 19 सीटें हासिल हुई थीं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें