Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

IND vs AUS, 4th T20I: भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर श्रृंखला में 2-1 से की बढ़त हासिल

November 6, 2025

IND vs AUS, 4th T20I: भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर श्रृंखला में 2-1 से की बढ़त हासिल

कैरारा: अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर की उम्दा गेंदबाजी से भारत ने चौथे टी-20 क्रिकेट मैच में ऑस्ट्रेलिया को 48 रन से हराकर 5 मैच की श्रृंखला में 2-1 की बढ़त बनाई। भारत के 168 रन के लक्ष्य का पीछा करते ऑस्ट्रेलिया की टीम वाशिंगटन सुंदर (3 रन पर 3 विकेट), अक्षर पटेल (20 रन पर 2 विकेट) और शिवम दुबे (20 रन पर 2 विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 18.2 ओवर में 119 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से कप्तान मिचेल मार्श (30) ही 30 रन के आंकड़े को छू पाए। नाथन एलिस (21 रन पर 3 विकेट) और एडम जम्पा (45 रन पर 3 विकेट) ने इससे पहले अंतिम ओवरों में भारत को लगातार झटके दिए जिससे एक समय 2 विकेट पर 121 रन बनाकर अच्छी स्थिति में दिख रही मेहमान टीम 8 विकेट पर 167 रन ही बना सकी। भारत की तरफ से सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल 39 गेंद में 46 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे।

अभिषेक शर्मा (28), शिवम दुबे (22) और कप्तान सूर्यकुमार यादव (20) अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे। अक्षर ने अंत में 11 गेंद में नाबाद 21 रन बनाकर भारत का स्कोर 160 रन के पार पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरे ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों को भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव में रखा। मैथ्यू शॉर्ट (25) ने अर्शदीप सिंह (22 रन पर एक विकेट) पर चौके के साथ खाता खोला। मार्श ने भी जसप्रीत बुमराह (27 रन पर 1 विकेट) और अर्शदीप पर चौके मारे। अक्षर ने शॉर्ट को पगबाधा करके इस साझेदारी
को तोड़ा।

अक्षर ने 12 रन पर खेल रहे इंगलिस को बोल्ड किया जबकि मार्श भी दुबे की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में अर्शदीप को कैच दे बैठे। टिम डेविड (14) ने दुबे पर लंबा छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद को हवा में लहराकर मिड ऑफ पर सूर्यकुमार के हाथों लपके गए। ग्लेन मैक्सवैल (02) ने एक रन के साथ 15वें ओवर में ऑस्ट्रेलिया के रन का शतक पूरा किया लेकिन अंतिम गेंद पर बोल्ड हो गए। सूर्यकुमार ने 17वें ओवर में श्रृंखला में पहली बार गेंद वाशिंगटन को थमाई और उन्होंने लगातार गेंदों पर मार्क्‍स स्टोइनिस (17) और जेवियर बार्टलेट (00) को आऊट करने के बाद अपने अगले ओवर में जम्पा (00) को गिल के हाथों कैच कराके भारत की जीत सुनिश्चित की।

ये भी पढ़ें- Holi 2026: आज मनाया जा रहा रंगों का पर्व, जानें क्या करें और किन बातों से बचें

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें