इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के फ्लोरिडा में एक युवक ने पुलिस से बचने के लिए अपनी कार इतनी तेज़ दौड़ाई कि उस पर नियंत्रण खो बैठा। कार सड़क से फिसलकर सीधे एक बार में जा घुसी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और 11 लोग घायल हो गए हैं।
पुलिस से भाग रहा था कार सवार
यह घटना फ्लोरिडा के टेम्पा शहर की है, जो अपनी नाइट लाइफ और पर्यटन के लिए जाना जाता है। पुलिस के मुताबिक, देर रात करीब 12:40 बजे पुलिस की एक टीम ने एक सेडान कार को खतरनाक तरीके से चलाते हुए देखा। पुलिस ने जब उसे रोकने की कोशिश की, तो चालक ने रफ्तार और बढ़ा दी और वहां से भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन तेज़ गति के कारण वह कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और सीधा एक भीड़भाड़ वाले बार में घुस गया। कार की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
ये भी पढ़ें: iPhone 16 पर बंपर डिस्काउंट, बस इतनी रह गई कीमत
पुलिस ने बताया कि आरोपी का नाम सिलास सिंपसन (Silas Simpson) है, जिसकी उम्र 22 साल है। हादसे से पहले वह युवक सड़क पर रेसिंग (स्ट्रीट रेसिंग) करता हुआ भी देखा गया था। पुलिस ने जब उसे दोबारा खतरनाक तरीके से कार चलाते हुए पकड़ा, तो उसने फिर भागने की कोशिश की और यही हादसे की वजह बन गया।
कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज
पुलिस ने सिलास सिंपसन को गिरफ्तार कर हिल्सबोरो काउंटी जेल भेज दिया है। उस पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिनमें लापरवाही से गाड़ी चलाकर लोगों की जान लेने का अपराध, पुलिस से बचकर भागने और पीछा छुड़ाने की कोशिश और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करना शामिल है। पुलिस का कहना है कि इस हादसे की जांच जारी है और बार के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
ये भी पढ़ें: ‘कलंकित और काले अतीत के लोग विश्वास लायक नहीं’, बिहार में महागठबंधन पर बरसे सीएम योगी