Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

चीन का ‘K’ वीज़ा: ग्लोबल टैलेंट को खुला न्योता

November 9, 2025

चीन का ‘K’ वीज़ा: ग्लोबल टैलेंट को खुला न्योता

China K visa : ज़रा कल्पना कीजिए… आप एक युवा वैज्ञानिक हैं, इंजीनियर हैं या किसी नए विचार को हकीकत में बदलने की कोशिश में जुटे हैं। जोश सिर चढ़कर बोल रहा है, पर किसी कंपनी ने अब तक कोई ऑफर लेटर नहीं भेजा। अब सोचिए, अगर आप बिना किसी स्पॉन्सर या इनवाइट के सीधे चीन जाकर अपनी पढ़ाई, रिसर्च, इनोवेशन या बिजनेस शुरू कर सकें, तो कैसा लगेगा? सुनने में सपना लगता है, लेकिन ये हकीकत बन चुका है। चीन ने 1 अक्टूबर 2025 से नया ‘K’ वीज़ा लागू कर दिया है और इसके साथ ही दुनिया के युवाओं को एक खुला निमंत्रण दे दिया है।

जब कई देश अपनी सीमाएं और वीज़ा नीतियां सख्त कर रहे हैं, चीन इसके ठीक उलट दिशा में बढ़ रहा है। ‘K’ वीज़ा इसकी सबसे ताज़ा मिसाल है। यह साफ़ संकेत है कि चीन अब पहले से कहीं ज़्यादा आत्मविश्वास और खुलेपन के साथ आगे बढ़ना चाहता है। इसका मक़सद है दुनिया भर के युवा वैज्ञानिकों और तकनीकी प्रतिभाओं को आकर्षित करना, ताकि सहयोग और नवाचार की एक नई लहर उठ सके।

‘K’ वीज़ा, चीन का एक तरह से “वैलकम नोट” है। इसमें न नौकरी की शर्त है, न किसी इनविटेशन लेटर की ज़रूरत। बस कुछ बुनियादी शर्तें पूरी कीजिए और चीन में अपनी रिसर्च, पढ़ाई या बिजनेस की शुरुआत कर दीजिए। यह वीज़ा सिर्फ़ अकादमिक या टेक्निकल दुनिया तक सीमित नहीं है, बल्कि संस्कृति, इनोवेशन और उद्यमिता सबको जोड़ता है।

अब सवाल यह उठता है कि चीन ने ऐसा क्यों किया? असल में, आज की दुनिया में टैलेंट का प्रवाह अब एकतरफा नहीं रहा। पहले दिमाग़ एक दिशा में बहते थे, अब वे हर दिशा में घूमते हैं। यूनाइटेड नेशंस के मुताबिक, साल 2000 में दुनिया में लगभग 17.3 करोड़ अंतरराष्ट्रीय प्रवासी थे; वहीं साल 2020 तक यह संख्या 28.1 करोड़ तक पहुँच गई। ये आंकड़े बताते हैं कि दुनिया और ज़्यादा जुड़ रही है लेकिन साथ ही टैलेंट की दौड़ भी तेज़ हो रही है।

चीन ने इस बदलाव को बारीकी से समझा है। ‘K’ वीज़ा उसी दूरदर्शी सोच का हिस्सा है। यह सिर्फ़ एक “एंट्री पास” नहीं, बल्कि चीन की संस्थागत खुलेपन की झलक है। इसे खास तौर पर उन युवा वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और टेक्नोलॉजी एक्सपर्ट्स के लिए डिज़ाइन किया गया है जो नई संभावनाओं की तलाश में हैं। यह दिखाता है कि चीन अब ग्लोबल टैलेंट एक्सचेंज में हिस्सा लेने नहीं, बल्कि नेतृत्व करने की तैयारी में है।

आज का युग “ब्रेन ड्रेन” या “ब्रेन गेन” का नहीं, “ब्रेन सर्कुलेशन” का है यानी ज्ञान, टेक्नोलॉजी और विचारों का निरंतर आदान-प्रदान। जब अलग-अलग देशों के वैज्ञानिक बायोमेडिसिन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस या नई ऊर्जा जैसी क्षेत्रों में साथ आते हैं, तो नतीजे एक के बाद एक नई ऊँचाई छूते हैं। चीन ऐसे ही सहयोगों के लिए अपने दरवाज़े खोल रहा है।

अगर आप इसकी तुलना अमेरिका के H-1B वीज़ा से करें, तो फ़र्क साफ़ दिखता है। H-1B मुख्य रूप से कंपनियों की ज़रूरत पूरी करने वाला वर्क वीज़ा है, जबकि ‘K’ वीज़ा का लक्ष्य है एक्सचेंज और सहयोग को बढ़ावा देना। चीन चाहता है कि टैलेंट सिर्फ़ काम करने न आए, बल्कि उसके साथ मिलकर नया भविष्य गढ़े।
वैसे, टैलेंट को आकर्षित करने के लिए सिर्फ़ पैकेज काफी नहीं होता। ज़रूरी है माहौल… जहाँ नवाचार को सम्मान मिले, जहाँ विविधता को अपनाया जाए और जहाँ विकास के मौके मौजूद हों। चीन ने हाल के वर्षों में अपने कारोबारी माहौल को बेहतर बनाया है और बौद्धिक संपदा की सुरक्षा को मज़बूत किया है। फ्री ट्रेड ज़ोन जैसे प्लेटफ़ॉर्म भी इसी दिशा में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

नीति बनाना आसान है, लेकिन उसे ज़मीन पर उतारना असली चुनौती होती है। आने वाले वर्षों में ‘K’ वीज़ा की असली परीक्षा यही होगी कि क्या इसे व्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से लागू किया जा सकता है। पर यह तय है कि चीन अब ग्लोबल टैलेंट गवर्नेंस में एक अहम भूमिका निभाने के लिए तैयार है।

‘K’ वीज़ा ने न सिर्फ़ नीति विशेषज्ञों का ध्यान खींचा है, बल्कि दुनिया भर के युवाओं के दिलों में नई उम्मीदें जगाई हैं। क्योंकि विकास अब किसी एक देश की कहानी नहीं रहा। यह साझे प्रयासों की यात्रा है और चीन इस यात्रा में यह साबित कर रहा है कि खुलेपन और सहयोग से ही तरक्की का असली रास्ता निकलता है।

(अखिल पाराशर, चाइना मीडिया ग्रुप, बीजिंग)

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें