कुरुक्षेत्र। शनिवार देर रात ढांड रोड पर खानपुर गांव के पास दर्दनाक हादसे में दो मौसेरे भाइयों की मौत हो गई। करीब 12:30 बजे कार और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत के बाद कार में आग लग गई। हादसे में कैथल कोर्ट में तैनात अतिरिक्त जिला अटॉर्नी (एडीए) हथीरा निवासी रविंद्र कुमार (30) और बारना निवासी कमल (25) की मौत हो गई। दोनों रिश्ते में मौसेरे भाई थे।
ये भी पढ़ें: रात में सड़क बनी फिसलन का जाल, टला बड़ा हादसा

जानकारी के अनुसार, रविंद्र अपनी मौसी के घर बारना से लौट रहे थे। उनके साथ मौसी का बेटा कमल भी कार में सवार था। रास्ते में खानपुर के पास सामने से आ रहे ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार के बोनट में आग भड़क गई और दोनों उसमें फंस गए। राहगीरों की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया और डायल-112 की सहायता से जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने रविंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल कमल को निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कार में लगी आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था। हादसे के चलते कुछ देर के लिए सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।
घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। ज्योतिसर पुलिस ने गुरविंदर सिंह की शिकायत पर ट्रक नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। चौकी प्रभारी संदीप ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक डॉ. नरेश सैनी ने बताया कि दोनों की मौत सिर, छाती और पेट में गंभीर चोट लगने से हुई है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...