Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

बिहारः मकान की छत गिरने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, मचा कोहराम

November 10, 2025

बिहारः मकान की छत गिरने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, मचा कोहराम

पटना/सारणः बिहार की राजधानी पटना से सटे सारण जिले में रविवार रात को एक मकान की छत गिरने से तीन बच्चों समेत एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अकिलपुर थाना क्षेत्र के मानस नया पानापुर 42 पट्टी गांव में यह हादसा हुआ। घटना रविवार रात करीब नौ बजकर 45 मिनट पर हुई। हादसे के समय पूरा परिवार घर के अंदर सो रहा था।

सारण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुमार आशीष ने सोमवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘छत ढह जाने की घटना में तीन बच्चों समेत परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और मलबे से शवों को निकाला। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।’’ उन्होंने बताया कि घटना में मोहम्मद बबलू खान (32), उनकी प}ी रौशन खातून (30), पुत्र मोहम्मद चांद (10), पुत्री रूकशार (12) और छोटी बेटी चांदनी (दो) की मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, छत गिरने की जोरदार आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिना देरी किए मलबा हटाने का काम शुरू किया। लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद अकिलपुर थाना की टीम मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, मृतक बबलू खान का मकान काफी पुराना था और जजर्र हो गया था। लगातार नमी और बारिश के कारण छत कमजोर पड़ गई थी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि इसी वजह से मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को पर्याप्त मुआवजा दिलाने के लिए घटना से जुड़े सभी दस्तावेज संबंधित जिला प्रशासन को भेज दिए हैं। राजस्व मामलों के लिहाज से यह इलाका पटना जिले में पड़ता है।

ये भी पढ़ेंः देश को दहलाने की साजिश नाकाम, डॉक्टर के घर से 300 किलो RDX और 2 AK-47 बरामद, देखें Live

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें