एंटरटेनमेंट डेस्क: हिंदी सिनेमा के मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र की तबीयत हाल ही में खराब हो गई है। 89 साल के धर्मेंद्र को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि उन्हें उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल उनकी हालत नाजुक है और वो वेंटिलेटर की सपोर्ट पर हैं।
धर्मेंद्र पिछले कुछ समय से अपनी सेहत को लेकर परेशान हैं। उम्र बढ़ने के कारण उनकी तबीयत में धीरे-धीरे कमजोरी आ रही है। उनके परिवार के सभी सदस्य और फैंस उनकी जल्दी ठीक होने की दुआ कर रहे हैं। करीब 10 दिन पहले भी धर्मेंद्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय उनकी टीम ने बताया था कि यह सिर्फ एक रुटीन चेकअप था और चिंता की कोई बात नहीं है।

कुछ दिन पहले जब मीडिया ने हेमा मालिनी से धर्मेंद्र की तबीयत के बारे में पूछा, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए बताया था कि अब वह पहले से काफी बेहतर हैं और धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं। धर्मेंद्र इससे पहले भी कई बार अपने हेल्थ चेकअप के लिए अस्पताल जा चुके हैं। वे अपनी सेहत को लेकर बहुत सजग रहते हैं। कुछ समय पहले वे इलाज के लिए अमेरिका भी गए थे।

धर्मेंद्र हिंदी सिनेमा के सबसे लोकप्रिय और प्रिय कलाकारों में से एक हैं। उन्हें “हिंदी फिल्मों का ही-मैन” कहा जाता है। उन्होंने अपने लंबे फिल्मी करियर में एक्शन, रोमांस और कॉमेडी – हर तरह की फिल्मों में काम किया है। उनकी प्रसिद्ध फिल्मों में शोले, चुपके चुपके, प्रतिज्ञा, यमला पगला दीवाना, अपने, लाइफ इन ए मेट्रो, और जाॅनी गद्दार शामिल हैं। हाल ही में वह 2023 में आई फिल्म रॉकी रानी की प्रेम कहानी में नजर आए थे। धर्मेंद्र की आने वाली फिल्म ‘इक्कीस’ साल 2025 में रिलीज होगी। फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि वह जल्द पूरी तरह ठीक होकर फिर से पर्दे पर नजर आएं।