Ranji Trophy 2025-26: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए रणजी ट्रॉफी 2025-26 के मुकाबले में जम्मू-कश्मीर ने दिल्ली को 7 विकेट से हराकर एक ऐतिहासिक जीत दर्ज की। रणजी ट्रॉफी के इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब जम्मू-कश्मीर की टीम दिल्ली को मात देने में सफल रही है। इस जीत के साथ जम्मू-कश्मीर ने इस सीजन में अपनी दूसरी जीत दर्ज की, जबकि दिल्ली को पहली हार झेलनी पड़ी। इससे पहले दिल्ली के चारों मुकाबले ड्रॉ रहे थे, लेकिन इस हार के बाद उसके एलीट ग्रुप से बाहर होने का खतरा बढ़ गया है।
पारस डोगरा का शतक और गेंदबाजों का जलवा
जम्मू-कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा ने इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लेने वाली टीम ने दिल्ली को पहली पारी में 211 रन पर रोक दिया। दिल्ली की ओर से आयुष डोसेजा (65), कप्तान आयुष बडोनी (64) और सुमित माथुर (55) ने उपयोगी पारियां खेलीं। जम्मू-कश्मीर के लिए आकिब नबी सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 5 विकेट अपने नाम किए। उनके साथ आबिद मुश्ताक और वंशज शर्मा ने 2-2 विकेट झटके।
जवाब में जम्मू-कश्मीर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 310 रन बनाए। कप्तान पारस डोगरा ने जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए 106 रन बनाए, जबकि अब्दुल समद ने 85 रनों का योगदान दिया। दिल्ली के लिए सिमरजीत सिंह ने 6 विकेट झटके, लेकिन वह टीम को बढ़त दिलाने में नाकाम रहे। इस तरह पहली पारी में जम्मू-कश्मीर को 99 रनों की अहम बढ़त मिली।
कामरान इकबाल की पारी से तय हुई जीत
दिल्ली ने दूसरी पारी में थोड़ा बेहतर प्रदर्शन किया और 277 रन बनाए। आयुष बडोनी ने 72 और आयुष डोसेजा ने 62 रन जोड़े। इस बार वंशज शर्मा जम्मू-कश्मीर के लिए हीरो साबित हुए, जिन्होंने 5 विकेट लेकर दिल्ली की पारी को समेट दिया। दिल्ली ने जम्मू-कश्मीर को 179 रनों का लक्ष्य दिया, जिसे टीम ने बड़ी सहजता से हासिल कर लिया। ओपनर कामरान इकबाल ने शानदार 133 रनों की नाबाद पारी खेलते हुए टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई।
इतिहास में दर्ज हुई जीत
1999 में दोनों टीमों के बीच पहला रणजी मुकाबला खेला गया था, जिसमें दिल्ली ने जीत हासिल की थी। इसके बाद 2024 में खेला गया मैच ड्रॉ रहा। लेकिन इस बार जम्मू-कश्मीर ने पहली बार दिल्ली को हराकर इतिहास रच दिया। इससे पहले टीम ने दिग्गज मुंबई को हराकर सभी को चौंकाया था, और अब दिल्ली पर मिली यह जीत जम्मू-कश्मीर क्रिकेट के सुनहरे अध्याय के रूप में दर्ज हो गई है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...