Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

दादरी में प्रदूषण पर बड़ी कार्रवाई, स्टोन क्रशिंग और माइनिंग यूनिट बंद

November 12, 2025

दादरी में प्रदूषण पर बड़ी कार्रवाई, स्टोन क्रशिंग और माइनिंग यूनिट बंद

दादरी जिले की हवा खतरनाक स्तर पर पहुंचने के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप-3 लागू होते ही दादरी जिले की सभी स्टोन क्रशिंग यूनिट्स और माइनिंग गतिविधियां तुरंत बंद कर दी गईं। हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने यह आदेश जारी कर दिया है। साथ ही इन इलाकों की तीन फेस बिजली आपूर्ति भी काटने के निर्देश दिए गए हैं।

लगातार बिगड़ रही वायु गुणवत्ता ने हालात गंभीर बना दिए हैं। मंगलवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 355 दर्ज हुआ, जबकि सोमवार को यह आंकड़ा 370 था। मामूली सुधार के बावजूद शहर में स्मॉग की चादर छाई रही। लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ का सामना करना पड़ा।

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, हवा में PM कण खतरनाक स्तर पर पहुंच गए हैं। इसलिए ग्रैप-3 के तहत सभी खनन और क्रशिंग यूनिट्स को बंद रखना जरूरी हो गया है।

अवहेलना पर कड़ी कार्रवाई:
प्रशासन ने साफ किया है कि आदेशों की अनदेखी करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस, आरटीए, एनएचएआई, बिजली निगम और प्रदूषण विभाग की संयुक्त टीमों को निगरानी और कार्रवाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

केवल सिंगल फेस बिजली की इजाजत:
बिजली निगम को निर्देश मिले हैं कि क्रशर और माइनिंग यूनिट्स की तीन फेस सप्लाई काटी जाए। सिर्फ ऑफिस, सिक्योरिटी रूम, किचन, लाइटिंग और ग्रीन बेल्ट सिंचाई के लिए सिंगल फेस बिजली दी जाएगी।

यह कदम सर्दियों में बढ़ते स्मॉग और सांस से जुड़ी बीमारियों को रोकने के लिए उठाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई पूरे एनसीआर के समन्वय में की जा रही है ताकि प्रदूषण पर असरदार नियंत्रण लाया जा सके।

सुनील श्योराण, रेंज ऑफिसर, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड दादरी ने बताया कि जिले में ग्रैप-3 लागू होने के बाद क्रशर जोन और माइनिंग बंद कर दी गई हैं, साथ ही बिजली आपूर्ति काटने के निर्देश जारी किए गए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें