सोनीपत: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को सोनीपत में 72वें राज्य स्तरीय सहकारिता सप्ताह का शुभारंभ किया। उन्होंने संबोधित करते हुए कहा कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है और गांवों की प्रगति का रास्ता सहकारिता से होकर गुजरता है। इस साल को हम सहकारिता वर्ष के रूप में मना रहे हैं। यह आयोजन सहकारिता से समृद्धि और समृद्धि से आत्मनिर्भरता के संकल्प को सिद्ध करने में अहम भूमिका निभाएगा, यही हमारा लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे पारंपरिक सोच से बाहर निकलकर सहकारी समितियां बनाएं और डिजिटल इंडिया के माध्यम से सहकारी समितियों को ग्लोबल ब्रांड बनाएं। कार्यक्रम की शुरूआत में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सहकारिता का झंडा फहराया और इसके बाद सहकारिता प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमें उन लाखों लोगों को याद करना चाहिए, जिन्होंने अपनी छोटी-छोटी बचत और सामूहिक शक्ति से विशाल सहकारी आंदोलन का निर्माण किया।
आज भारत दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था है और हम तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य की ओर गति से आगे बढ़ रहे हैं। इस लक्ष्य की प्राप्ति में सहकारिता की अहम भूमिका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में सहकारिता आंदोलन को मजबूती प्रदान करने का प्रण लिया था। उन्होंने इतिहास में पहली बार एक अलग सहकारिता मंत्रलय का गठन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को आगे बढ़ाते हुए हमने सहकारिता को जन आंदोलन बनाने का संकल्प लिया है।