Last Updated: September 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘भारतीय दूतावास दे रहा हर संभव मदद’, सऊदी अरब में 42 भारतीयों की मौत पर पीएम मोदी ने जताया दुख

November 17, 2025

‘भारतीय दूतावास दे रहा हर संभव मदद’, सऊदी अरब में 42 भारतीयों की मौत पर पीएम मोदी ने जताया दुख

नेशनल डेस्क: सऊदी अरब में भारतीय उमराह तीर्थयात्रियों के साथ हुई एक दर्दनाक बस दुर्घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि रियाद में भारतीय दूतावास और जेद्दा में वाणिज्य दूतावास लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और सभी प्रभावित परिवारों को हर तरह की सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। भारतीय अधिकारी सऊदी प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं। सऊदी अरब में बस हादसे में कम से कम 42 भारतीयों की मौत हो गई है।

इस दुर्घटना से बहुत दुखी हूं: पीएम मोदी 

प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखे अपने संदेश में कहा, “मदीना में भारतीय नागरिकों के साथ हुई दुर्घटना से बहुत दुखी हूं। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। रियाद और जेद्दा में हमारे दूतावास पूरी तरह मदद कर रहे हैं और सऊदी अधिकारियों से लगातार संपर्क में हैं।” रिपोर्टों के अनुसार, हैदराबाद से कई तीर्थयात्रियों को लेकर मक्का से मदीना जा रही बस में आग लग गई, जिससे गंभीर हादसा हुआ।

दूतावास पूरी सहायता दे रहा: विदेश मंत्री

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी इस घटना को “गहरा सदमा” देने वाला बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय दूतावास सभी प्रभावित परिवारों को पूरा सहयोग दे रहा है। जयशंकर ने एक्स पर लिखा, “हादसे से गहरा दुख हुआ है। दूतावास पूरी सहायता दे रहा है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना है और घायलों के जल्दी ठीक होने की कामना करता हूँ।”

हादसे के बाद जेद्दा स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने 24×7 नियंत्रण कक्ष शुरू कर दिया है, ताकि परिजनों को समय-समय पर जानकारी दी जा सके और जरूरी मदद पहुंचाई जा सके। दूतावास सऊदी अधिकारियों से लगातार संपर्क में है, ताकि घायलों, मृतकों और अस्पताल में भर्ती लोगों की स्थिति की जानकारी मिलती रहे।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने दुख जताया 

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया है। क्योंकि शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार कई यात्री हैदराबाद के रहने वाले थे। मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली में अधिकारियों से बात की है और उन्हें रियाद स्थित भारतीय दूतावास से लगातार संपर्क में रहने का निर्देश दिया है, ताकि ताज़ा जानकारी मिलती रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें