Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

दुबई एयर शो: तेजस क्रैश में हिमाचल का लाल शहीद, हादसे से पहले का वीडियो आया सामने

November 22, 2025

दुबई एयर शो: तेजस क्रैश में हिमाचल का लाल शहीद, हादसे से पहले का वीडियो आया सामने

नेशनल डेस्क: दुबई एयर शो 2025 के आखिरी दिन एक बड़ा हादसा हो गया। भारत में बने लड़ाकू विमान तेजस का डेमो फ्लाइट के दौरान संतुलन बिगड़ गया और विमान अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान के पायलट विंग कमांडर नमांश स्याल की मौके पर ही मौत हो गई, जोकि हिमाचल प्रदेश के नागरोटा बगवां के रहने वाले थे। भारतीय वायुसेना ने उनकी शहादत की पुष्टि की है और पूरी घटना की जांच के आदेश दिए हैं। यह तेजस विमान से जुड़ा दूसरा बड़ा हादसा है।

हादसे से पहले का वीडियो हुआ वायरल
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से फैल रहा है, जिसमें विंग कमांडर नमांश स्याल को रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, यूएई में भारतीय राजदूत दीपक मित्तल, और विदेश मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव (खाड़ी) असीम महाजन के साथ देखा जा सकता है। इससे पहले उन्होंने गुवाहाटी एयर शो में शानदार फ्लाइंग डिस्प्ले दिया था।

 

दुर्घटना कैसे हुई?
हादसा शुक्रवार दोपहर लगभग 2:10 बजे (स्थानीय समय) हुआ। तेजस विमान हवा में प्रदर्शन करते हुए कई बार शो साइट के ऊपर से गुजरा। जब वह लो रोल (कम ऊंचाई वाला मोड़) कर रहा था, तभी अचानक उसका नियंत्रण खो गया। विमान तेजी से जमीन की ओर गिरा और जोरदार धमाके के साथ क्रैश हो गया। वीडियो में दिखा कि उसने बैरल रोल भी किया, लेकिन उसके बाद संतुलन बिगड़ गया और वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। क्रैश के बाद काला धुआं आकाश में फैल गया।

भारतीय वायुसेना का बयान
भारतीय वायुसेना ने सोशल मीडिया पर लिखा कि तेजस विमान प्रदर्शन के दौरान दुर्घटना का शिकार हो गया। पायलट विंग कमांडर नमांश स्याल गंभीर रूप से घायल हुए और उनके जीवन को बचाया नहीं जा सका। IAF ने कहा कि वह इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़ी है और हादसे की कोर्ट ऑफ इंक्वायरी द्वारा जांच होगी। नमांश स्याल मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के रहने वाले थे।

रविवार को अंतिम संस्कार
शहीद विंग कमांडर नमांश स्याल का पार्थिव शरीर रविवार दोपहर 2 बजे गग्गल एयरपोर्ट लाया जाएगा। इसके बाद सेलुड़ में पूरे राजकीय और सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। परिवार ने बताया कि उन्हें यह दुखद खबर शुक्रवार दोपहर 3 बजे मिली थी। 34 वर्षीय नमांश स्याल की शहादत की खबर मिलते ही नागरोटा बगवां, पैतलकर पंचायत के पटियालकड़ गांव में मातम छा गया। पूरे गांव में गम का माहौल है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें