Taijul Islam : बांग्लादेशी क्रिकेट में एक नया अध्याय जुड़ गया है। बता दें कि अनुभवी बाएँ हाथ के स्पिनर तैजुल इस्लाम ने आयरलैंड के खिलाफ जारी दूसरे टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। तैजुल अब बांग्लादेश की ओर से टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने दिग्गज ऑलराउंडर शाकिब अल हसन को पीछे छोड़ दिया, जो लंबे समय से इस सूची में शीर्ष पर बने हुए थे।
बने टेस्ट क्रिकेट में देश के नंबर-1 विकेट टेकर
ढाका के शेरे-बांग्ला स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में तैजुल ने अपनी धारदार स्पिन से आयरलैंड के बल्लेबाजों को खूब परेशान किया। मैच के दौरान उन्होंने कुल सात विकेट झटके पहली पारी में चार और दूसरी पारी में तीन। इसके साथ ही उनके टेस्ट करियर के विकेट बढ़कर 249 हो गए हैं, जो उन्हें बांग्लादेश का नया रिकॉर्ड-होल्डर बनाते हैं। शाकिब इस सूची में अब दूसरे स्थान पर हैं, जिनके नाम 246 विकेट दर्ज हैं। वहीं तीसरे पायदान पर मेहदी हसन मिराज हैं, जिन्होंने 209 विकेट चटकाए हैं।
तैजुल इस्लाम के अंतरराष्ट्रीय करियर….
तैजुल इस्लाम के अंतरराष्ट्रीय करियर की बात करें तो वह अब तक 57 टेस्ट, 20 वनडे और 2 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं। टेस्ट क्रिकेट में उनका प्रदर्शन सबसे प्रभावशाली रहा है, जहां उन्होंने 31 की औसत से विकेट हासिल किए हैं और टीम के भरोसेमंद गेंदबाजों में उनकी गिनती होती है।
दूसरे टेस्ट मैच की स्थिति की बात करें तो बांग्लादेश ने पहली पारी में मुश्फिकुर रहीम के शानदार शतक की मदद से 476 रन बनाए। जवाब में आयरलैंड की टीम 265 रन पर सिमट गई। इसके बाद मेजबानों ने दूसरी पारी में 297 रन जोड़कर आयरलैंड के सामने 509 रन का विशाल लक्ष्य खड़ा किया। तैजुल के रिकॉर्ड-तोड़ प्रदर्शन ने न सिर्फ बांग्लादेश को मजबूत स्थिति में पहुंचाया है, बल्कि उन्हें देश के सर्वकालिक महान टेस्ट गेंदबाजों की सूची में सबसे ऊपर भी स्थापित कर दिया है।