Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘संविधान सिर्फ किताब नहीं, बराबरी और इंसाफ का पवित्र वादा’, कॉन्स्टिट्यूशन डे पर बोले राहुल गांधी

November 26, 2025

‘संविधान सिर्फ किताब नहीं, बराबरी और इंसाफ का पवित्र वादा’, कॉन्स्टिट्यूशन डे पर बोले राहुल गांधी

नेशनल डेस्क: 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने देशवासियों को बधाई दी और कहा कि भारत का संविधान सिर्फ एक दस्तावेज नहीं, बल्कि हर नागरिक से किया गया एक पवित्र वादा है।

संविधान गरीबों और पिछड़ों का सुरक्षा कवच
उन्होंने X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा कि संविधान देश के हर व्यक्ति को चाहे वो किसी भी धर्म, जाति, भाषा या आर्थिक स्थिति से हो, बराबरी, सम्मान और इंसाफ का अधिकार देता है। राहुल गांधी ने लोगों से अपील की कि वे यह प्रण लें कि संविधान पर किसी भी तरह का हमला नहीं होने देंगे। उन्होंने लिखा कि संविधान सुरक्षित रहेगा तो हर भारतीय के अधिकार भी सुरक्षित रहेंगे।

राहुल गांधी ने कहा, “संविधान गरीबों और पिछड़ों का सुरक्षा कवच है।” कांग्रेस नेता ने कहा, “इसकी रक्षा करना मेरा कर्तव्य है और इस पर होने वाले हर हमले के खिलाफ मैं सबसे पहले खड़ा रहूंगा। आप सभी को संविधान दिवस की शुभकामनाएं। जय हिंद, जय संविधान।”


कांग्रेस नेताओं का केंद्र सरकार पर हमला
कांग्रेस नेता उदित राज ने भी संविधान दिवस पर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज संविधान को “टुकड़ों में तोड़ा जा रहा है।” उदित राज ने 26/11 मुंबई आतंकी हमले का जिक्र करते हुए इसे संविधान पर हमला बताया और शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

कांग्रेस ने 26 नवंबर को मनाया ‘संविधान बचाओ दिवस’
संविधान दिवस के मौके पर कांग्रेस ने अपनी सभी राज्य इकाइयों को निर्देश दिया कि वे 26 नवंबर को ’संविधान बचाओ दिवस’ के रूप में मनाएं। पार्टी ने अपने पत्र में कहा कि देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं और संविधान की मूल भावना पर गंभीर खतरे मंडरा रहे हैं। न्याय, आज़ादी, बराबरी, भाईचारे और नागरिक अधिकारों जैसे मूल मूल्य दबाव में हैं। चुनावी गड़बड़ियाँ, सिस्टमैटिक वोट चोरी और संस्थाओं के गलत इस्तेमाल जैसे कदम लोकतंत्र की नींव को कमजोर कर रहे हैं। कांग्रेस ने कहा कि देश के नागरिकों को इन खतरों के बारे में जागरूक करना और संविधान व उसके मूल्यों की रक्षा करना सभी का सामूहिक कर्तव्य है।

संविधान दिवस क्यों मनाया जाता है?
26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान सभा ने संविधान को अपनाया था। यह संविधान 26 जनवरी 1950 से लागू हुआ। इसी ऐतिहासिक दिन को याद करने के लिए हर साल 26 नवंबर को कॉन्स्टिट्यूशन डे मनाया जाता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें