Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

उत्तर और मध्य भारत में बढ़ेगी कड़ाके की ठंड, कई राज्यों में शीतलहर का अलर्ट

December 4, 2025

उत्तर और मध्य भारत में बढ़ेगी कड़ाके की ठंड, कई राज्यों में शीतलहर का अलर्ट

नेशनल डेस्क: उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में तापमान अचानक तेजी से गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली-एनसीआर, महाराष्ट्र के उत्तरी–पश्चिमी भाग और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में बर्फीली हवाओं के कारण शीतलहर की स्थिति बन सकती है। दिसंबर की शुरुआत के साथ ही सुबह और रात की ठंड में तेज़ बढ़ोतरी देखी जा रही है।

दिल्ली-एनसीआर में येलो अलर्ट

दिल्ली-एनसीआर में ठंड लगातार बढ़ रही है। भारतीय मौसम विभाग ने 4 दिसंबर 2025 के लिए शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है। राजधानी में आज न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। कश्मीर में स्थिति और कठोर है। श्रीनगर में तापमान माइनस 4 डिग्री दर्ज किया गया है, जिससे लोगों को भारी ठंड का सामना करना पड़ रहा है।

हिमाचल-कश्मीर में लगातार बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश और कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी है। कई स्थानों पर तापमान शून्य से नीचे चला गया है, जबकि कुछ क्षेत्रों में यह -18°C तक पहुंच चुका है। बर्फबारी के कारण सड़कों पर बर्फ जम गई है और रोहतांग जैसे कई रास्ते एहतियातन बंद कर दिए गए हैं। ऊंचाई वाले गांवों में पानी तक जम गया है और लोगों पर ठंड का असर साफ दिखाई दे रहा है।

ये भी पढ़ें: Gold-Silver Price Today : सोना-चांदी के दाम में उतार-चढ़ाव, जानिए अपने शहर का ताजा रेट

मैदानी राज्यों में भी सर्दी का असर तेज

पहाड़ों में भारी बर्फबारी होने से ठंडी हवाएं मैदानी राज्यों तक पहुंच रही हैं। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में तापमान तेजी से गिरा है। मौसम विभाग का कहना है कि ला नीना प्रभाव के कारण इस साल की सर्दी पिछले कई सालों की तुलना में ज्यादा कड़ाके की हो सकती है।

5 दिसंबर को दिल्ली में शीतलहर की आशंका

दिल्ली में शाम और रात के समय ठंड काफी बढ़ चुकी है। 3 दिसंबर को राजधानी में न्यूनतम तापमान 7°C दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने 5 दिसंबर 2025 को दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में शीतलहर चलने की संभावना जताई है।

उत्तर प्रदेश में तापमान सामान्य से नीचे

उत्तर प्रदेश में भी ठंड का असर तेज है। 4 दिसंबर 2025 को न्यूनतम तापमान 8°C रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच पूरे उत्तर और मध्य भारत में तापमान सामान्य से कम रहने और ज्यादा शीतलहर वाले दिनों की संभावना है। सुबह के समय घना कोहरा भी छा सकता है।

ये भी पढ़ें: पेट्रोल-डीजल के ताजा रेट जारी, आम आदमी की जेब पर पड़ेगा सीधा असर

राजस्थान में कड़ाके की ठंड

राजस्थान में ठंड ने इस बार जल्दी दस्तक दे दी है। कई जिलों में तापमान तेजी से गिरा है और शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया गया है। सीकर के फतेहपुर शेखावाटी में न्यूनतम तापमान लगभग 3°C दर्ज किया गया है, जो राज्य के सबसे ठंडे क्षेत्रों में से एक बन गया है। माउंट आबू में भी तापमान शून्य के आसपास पहुंच रहा है, जिससे वहां की सर्दी और भी तीखी हो गई है। मौसम विभाग ने चूरू, झुंझुनू और सीकर जिलों में अगले कुछ दिनों के लिए शीतलहर का अलर्ट बरकरार रखा है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का असर सीधे राजस्थान तक पहुंच रहा है और ठंड लगातार बढ़ती जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें