Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

जापान में पंजाब की बड़ी जीत: CM भगवंत मान ने टोपन स्पेशलिटी फिल्म्स से किया MoU साइन

December 4, 2025

जापान में पंजाब की बड़ी जीत: CM भगवंत मान ने टोपन स्पेशलिटी फिल्म्स से किया MoU साइन

चंडीगढ़: पंजाब के औद्योगिक विकास को नई गति देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के जापान दौरे के दूसरे दिन राज्य सरकार और जापान की प्रतिष्ठित कंपनी टोपन स्पेशलिटी फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड (TSF) के बीच एक महत्वपूर्ण MoU साइन हुआ। इस करार के तहत कंपनी पंजाब में लगभग 400 करोड़ रुपये का निवेश कर अपनी मौजूदा उत्पादन इकाई का विस्तार करेगी।

मुख्यमंत्री मान ने जानकारी देते हुए कहा कि इस समझौते का सबसे अहम हिस्सा स्किल डेवलपमेंट को लेकर की गई साझेदारी है। TSF और इन्वेस्ट पंजाब मिलकर राज्य में एक स्किल एक्सीलेंस सेंटर स्थापित करेंगे, जहां युवाओं, वर्कर्स और टेक्निकल स्टाफ को उन्नत और इंडस्ट्री-ओरिएंटेड ट्रेनिंग दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि यह सेंटर न सिर्फ मौजूदा बल्कि उभरते सेक्टर्स की जरूरतों के अनुसार प्रशिक्षण प्रदान करेगा, जिससे पंजाब के युवाओं को सीधे रोजगार और अप्रेंटिसशिप के अवसर मिलेंगे।

ग्लोबल मानकों के ट्रेनिंग और तकनीकी कौशल पर फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह साझेदारी उन नई और टेक्निकल स्किल्स पर ध्यान केंद्रित करेगी, जिनकी इंडस्ट्री में भारी मांग है लेकिन उपलब्धता सीमित है। MoU के अनुसार, युवाओं को इंडस्ट्री-वाइड और इंटरनेशनल स्टैंडर्ड का ट्रेनिंग सर्टिफिकेशन भी मिलेगा। इसके अलावा TSF किसी एक पॉलिटेक्निक या टेक्निकल इंस्टीट्यूट के साथ मिलकर प्रशिक्षण प्रोग्राम विकसित करेगा, जिससे शिक्षा और उद्योग के बीच मजबूत सहयोग स्थापित होगा।

TSF की ओर से वित्तीय और तकनीकी सहायता

मान सरकार के अनुसार, TSF न केवल ट्रेनिंग के लिए विशेषज्ञता और पाठ्यक्रम निर्माण में सहयोग करेगा बल्कि आवश्यकता अनुसार वित्तीय सहायता भी उपलब्ध कराएगा। प्रशिक्षित युवाओं को अप्रेंटिसशिप और स्थायी नौकरियों के बेहतर अवसर मिलने का मार्ग भी इस MoU से खुलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि TSF का यह निवेश पंजाब में नई तकनीक, आधुनिक मशीनरी और उत्पादन क्षमता बढ़ाने का माध्यम बनेगा। इससे राज्य में रोजगार के सैकड़ों नए अवसर भी पैदा होंगे।

ये भी पढ़ें: लुधियाना जेल में ड्रग रैकेट का भंडाफोड़: डॉक्टर-टेक्नीशियन गिरफ्तार, इस तरह होती थी सप्लाई

पंजाब के अनुकूल माहौल से प्रभावित TSF

TSF ग्रुप ने पंजाब में अपने अनुभव को बेहतरीन बताते हुए राज्य सरकार की आसान नीतियों, उपयुक्त माहौल, सक्षम मानव संसाधन और स्थिर बिजली सप्लाई की सराहना की। ग्रुप ने कहा कि प्रस्तावित विस्तार परियोजना से पंजाब में उनकी दीर्घकालिक उपस्थिति और मजबूत होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार और इन्वेस्ट पंजाब आगे भी इसी तरह सहयोग देते रहेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें