नेशनल डेस्कः हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के तीन साल पूरे होने पर भाजपा ने जोरावर स्टेडियम धर्मशाला में प्रदर्शन किया। इस रैली का नेतृत्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने किया। इस मौके में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इन मुद्दों पर कियाः प्रदर्शन
यह प्रदर्शन प्रदेश सरकार के 3 साल के कार्यकाल में कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार, आपदा और बढ़ती बेरोजगारी के मुद्दे पर है। भाजपा ने शहर में झंडे और पोस्टर लगाए हैं।
सरकार खज्जल हैः विपिन परमार
प्रदर्शन में भाजपा विधायक विपिन परमार ने कहा कि इस सुख की सरकार को उखाड़ फेंकना है। सरकार खज्जल है। इनका नाम खज्जल सिंह होना चाहिए। वहीं, सांसद सुरेश कश्यप ने रैली में कहा कि सरकार ने 10 झूठी गारंटियां दीं थी। जनता को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चिट्टा माफिया और भ्रष्टाचार तथा गैंगवार चल रहा है।
बिंदल ने माता चामुंडा देवी के जयघोष से शुरू किया भाषण
प्रदर्शन में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने माता चामुंडा देवी के जयघोष से भाषण शुरू किया। उन्होंने वंदे मातरम, भारत माता की जय और भाजपा जिंदाबाद के नारे लगाए। उन्होंने कहा कि इस सरकार को उखाड़ फेंकने का जज्बा लेकर जाना है।
खाओ और मौज करो की सरकारः सांसद अनुराग ठाकुर
सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने एक लाख करोड़ के कर्ज में प्रदेश को डूबो दिया। यह खाओ और मौज करो सरकार है। उन्होंने कहा कि मित्रों को महकमे दे दिए। आज से कांग्रेस के पांव उखड़ने शुरू हो गए हैं। बिहार में एक सौफे पर आ गए थे। नहीं चला सकते सरकार तो गद्दी छोड़ क्यों नहीं देते, फेविकोल की तरह क्यों चिपके हैं?
ठाकुर ने कहा कि दूध के नाम पर प्रदेश को दोह लिया और अर्थव्यवस्था को गोबर में मिला दिया। देवभूमि अब अपराध भूमि बन रही है। सभी दस गारंटियों पर सरकार फेल हुई है। क्या यही व्यवस्था परिवर्तन है?
प्रदर्शन में ये नेता रहे मौजूद
प्रदर्शन को भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, इंदु गोस्वामी, डॉ. सिकंदर कुमार, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार, प्रदेश महामंत्री बिहारी लाल शर्मा, संजीव कटवाल, पायल, सुधीर शर्मा, त्रिलोक कपूर, सभी भाजपा विधायक, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।