
नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज सिविल लाइंस स्थित खैबर पास चौक पर लोक निर्माण विभाग द्वारा आयोजित व्यापक सड़क सफाई और धुलाई अभियान में सक्रिय भागीदारी की। इस पहल का उद्देश्य राजधानी को प्रदूषण मुक्त बनाना और धूल नियंत्रण सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि दिल्ली में वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए सड़क धुलाई और सफाई अभियान नियमित और प्रभावी रूप से किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि शहर में सड़क धुलाई, यांत्रिक सफाई और जमीनी निगरानी को तेज गति और गंभीरता के साथ लागू किया जा रहा है।
सड़क किनारे जमी हुई धूल, मलबा और कचरे के निस्तारण के लिए विशेष मशीनों और तकनीकी संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है। इसके साथ ही नागरिकों को जागरूक करने के लिए स्थानीय प्रशासन और सिविक एजेंसियों के साथ सहयोग बढ़ाया जा रहा है। इस अभियान में दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह और विधायक सूर्य प्रकाश खत्री भी शामिल हुए। उन्होंने साफ-सफाई के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि नागरिकों का सहयोग और अनुशासन भी प्रदूषण नियंत्रण में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अपील की कि हर व्यक्ति अपने घर और आस-पास के इलाके को साफ-सुथरा बनाए रखने में योगदान दे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाने का यह प्रयास केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाला मिशन है। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे नियमित रूप से सड़क धुलाई की स्थिति की समीक्षा करें और आवश्यक सुधारात्मक कदम तुरंत उठाएं। उन्होंने बताया कि विशेष रूप से धूल, धुआं और प्रदूषण फैलाने वाले स्नेतों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य न केवल धूल नियंत्रण करना है, बल्कि जनता में सफाई और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को भी जागृत करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण की समस्या गंभीर है और इसे कम करने के लिए सरकार सभी आवश्यक उपाय कर रही है। उन्होंने नागरिकों से सहयोग और सक्रिय भागीदारी की भी अपील की। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रदूषण नियंत्रण, सड़क सफाई और सफाई अभियानों की निगरानी केवल एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि सभी विभागों, स्थानीय निकायों और नागरिकों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार हर संभव प्रयास कर रही है कि राजधानी में वायु गुणवत्ता सुधार हो और शहरवासियों को स्वस्थ जीवन जीने का अवसर मिले।
ये भी पढ़ें- इस दिन होगी हरियाणा कैबिनेट की अहम बैठक; बजट सत्र की तारीख पर हो सकता है फैसला