Last Updated: October 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

करूर घटना के 2 महीने बाद सार्वजनिक बैठक करेंगे थलापति विजय, प्रशासन से मांगी अनुमति

December 7, 2025

करूर घटना के 2 महीने बाद सार्वजनिक बैठक करेंगे थलापति विजय, प्रशासन से मांगी अनुमति

नेशनल डेस्क। साउथ के अभिनेता और राजनेता थलापति विजय रैली में भगदड़ की घटना के बाद अब जनता के साथ सार्वजनिक बैठक करना चाहते हैं। उनकी पार्टी की तरफ से सार्वजनिक बैठक के लिए जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया है और एक निजी स्थल पर सार्वजनिक बैठक करने की अनुमति मांगी है।

विजय की राजनीतिक पार्टी तमिलगा वेट्री कजगम (टीवीके) के मुख्य समन्वयक के.ए. सेनगोट्टैयन ने जिला प्रशासन से 16 दिसंबर को इरोड के पास एक निजी स्थल पर सार्वजनिक बैठक करने की अनुमति मांगी है। ज्ञापन इरोड जिला कलेक्टर को सौंपा गया है, जिसमें सरकारी दिशानिर्देशों के अनुपालन के साथ कार्यक्रम को आगे बढ़ाने के लिए आधिकारिक मंज़ूरी देने का अनुरोध किया गया है।

मीडिया से बात करते हुए पार्टी तमिलगा वेट्री कज़गम (टीवीके) के मुख्य समन्वयक के.ए. सेनगोट्टैयन ने कहा कि औपचारिक अनुमति मिलने के बाद ही सरकार और पुलिस द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानदंडों और प्रशासनिक निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए कार्यक्रम का आयोजन होगा।

उन्होंने आगे ये भी कहा कि पार्टी बड़े सार्वजनिक समारोहों को व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से आयोजित करने के लिए पूरी तरह सचेत है और अपनी सारी जिम्मेदारियों को अच्छे से निभा रही है। इससे पहले इराड इलाके में ही अभिनेता का रोड शो भी होने वाला था, लेकिन मौजूदा स्थिति और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रोड शो को स्थगित कर दिया है। अभी तक रोड शो की तारीख निर्धारित नहीं की गई है।

रोड-शो को पोस्टपोन करने को लेकर उन्होंने कहा कि “मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए, हमें लगा कि रोड शो से बचना चाहिए और उसकी जगह नियंत्रित जनसभा करनी चाहिए।” राजनेताओं के बैठक में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि ये तो समय ही बताएगा कि इरोड बैठक के दौरान कोई पूर्व मंत्री पार्टी में शामिल होगा या नहीं।

बता दें कि 27 सितंबर को करूर में एक जनसभा के दौरान मची भगदड़ के बाद समारोह या जनसभा करने के मापदंडों को सख्त कर दिया गया है। करूर घटना में 41 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। अभिनेता ने हादसे के बाद पीड़ित परिवारों से बात भी की थी और 20 लाख रुपये का मुआवजा देने का एलान भी किया था। इस घटना के बाद राजनीति भी तेज हो गई थी और विपक्षी पार्टियों ने घटना का जिम्मेदार अभिनेता को बताया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें