नेशनल डेस्क। देश भर में इंडिगो एयरलाइंस की कई सौ उड़ानें रद्द कर दी गईं। दिल्ली, लखनऊ, बेंगलुरू, हैदराबाद, और कई अन्य एयरपोर्ट्स पर इंडिगो की उड़ानें रद्द हो गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, कानपुर के कल्याणपुर निवासी 46 वर्षीय अनूप कुमार पांडेय, जो बेंगलुरु में कोका-कोला कंपनी में फाइनेंस एक्जिक्यूटिव थे, शुक्रवार रात लखनऊ एयरपोर्ट पर अचानक बीमार हो गए। वह बेंगलुरु वापस लौटने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे, लेकिन फ्लाइट लगातार रद्द होने से उन्हें काफी परेशानी हो रही थी।
फ्लाइट रद्द होने से बढ़ी बेचैनी
अनूप की कनेक्टिंग फ्लाइट लखनऊ से दिल्ली होते हुए बेंगलुरु जाने की थी। दिल्ली जाने के लिए एयर इंडिया की AI-1821 फ्लाइट रात 10:30 बजे थी। फ्लाइट लगातार रद्द और लेट होने के कारण अनूप तनाव में आ गए। इसी बीच दौड़-भाग करते हुए करीब रात 10:10 बजे उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। एयरपोर्ट स्टाफ तुरंत उन्हें लोकबंधु अस्पताल लेकर गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से एयरपोर्ट कर्मियों ने मोबाइल पर उनकी पत्नी को सूचना दी।
परिवार फ्लाइट न मिलने के कारण टैक्सी से पहुंचा
अनूप की पत्नी पूजा और बच्चे उस समय बेंगलुरु में थे। घटना की जानकारी मिलते ही वह तुरंत निकलना चाहती थीं, लेकिन फ्लाइट न मिलने की वजह से उन्हें कार से ही बेंगलुरु से कानपुर आना पड़ा।
CCTV फुटेज न मिलने पर परिजनों ने जताई नाराजगी
अनूप के भाई अनिल लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे और अधिकारियों से जानकारी व सीसीटीवी फुटेज मांगा, लेकिन उन्हें कोई मदद नहीं मिली। बाद में पता चला कि अनूप के शव को अस्पताल से पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है। घटना के दो दिन बाद, रविवार को अनूप का पोस्टमार्टम किया गया और उसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिवार इस पूरी प्रक्रिया से परेशान और दुखी है।
नशे में धुत यात्री ने एयरपोर्ट पर मचाया हंगामा
इंडिगो फ्लाइट से दम्माम जा रहा था यात्री। इसी दौरान अमौसी एयरपोर्ट पर शनिवार देर रात एक यात्री शराब के नशे में हंगामा करने लगा। वह इंडिगो एयरलाइंस से दम्माम जाने वाली फ्लाइट में सफर करने वाला था।
नशे की वजह से रोकी गई बोर्डिंग
जब एयरलाइन स्टाफ को यात्री की हालत पता चली तो उसे बोर्डिंग से रोक दिया। इसके बावजूद वह शांत नहीं हुआ और हंगामा करता रहा। यात्री ने टर्मिनल के बाहर भी उपद्रव मचाया, सुरक्षाकर्मियों से धक्का-मुक्की भी की। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़कर सरोजनीनगर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया।
मेष: दिन शुभ रहेगा...