
जींद। सफीदों क्षेत्र में जमीन खरीदने के नाम पर एक व्यक्ति से 51 लाख रुपये हड़पने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने एक दंपती सहित चार लोगों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है।
पानीपत के गांव सिठाना निवासी जयकुमार के अनुसार, उनके साले अजमेर की पिल्लूखेड़ा में हार्डवेयर की दुकान है, जहां प्रॉपर्टी डीलर किस्मत देशवाल का अक्सर आना-जाना था। इसी दौरान देशवाल ने दावा किया कि उसके पास जमीन बेचने वाली एक पार्टी है और वह उचित कीमत पर सौदा करवा सकता है। देशवाल और उसके साथी विकास ने रजिस्ट्री एवं इंतकाल की जिम्मेदारी भी लेने की बात कही।
बात आगे बढ़ने पर किस्मत देशवाल, विकास तथा मुंडलाना निवासी श्रीभगवान और उसकी पत्नी सोनू ने 34 कनाल जमीन 69 लाख रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से देने की बात कहकर 50 लाख रुपये अग्रिम ले लिए। रजिस्ट्री की तारीख 30 अक्टूबर तय हुई, लेकिन तय दिन न तो कथित जमीन मालिक पहुंचे और न ही प्रॉपर्टी डीलर। बाद में पता चला कि जिस भूमि का सौदा कराया गया था, वह आरोपियों के नाम पर थी ही नहीं।
जब पीड़ित ने अपनी रकम लौटाने की मांग की तो आरोपियों ने इंकार कर दिया और धमकी तक दे डाली। शिकायत मिलने पर पुलिस ने श्रीभगवान, सोनू, किस्मत देशवाल और विकास कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी व धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।