Last Updated: September 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

Lionel Messi के न मिलने पर भड़के फैंस, गिराए टेंट और फेंकी कुर्सियां, देखें वीडियो

December 13, 2025

Lionel Messi के न मिलने पर भड़के फैंस, गिराए टेंट और फेंकी कुर्सियां, देखें वीडियो

स्पोर्ट्स डेस्क: फुटबॉल के महान खिलाड़ी लियोनल मेसी अपने G.O.A.T दौरे के तहत भारत पहुंच चुके हैं। शनिवार को वह कोलकाता आए और सॉल्ट लेक स्टेडियम का दौरा किया। मेसी ने स्टेडियम में लैप ऑफ ऑनर किया और मौजूद हजारों फैंस का अभिवादन स्वीकार किया, लेकिन वह कुछ ही मिनटों में वहां से निकल गए। मेसी के जल्दी जाने से स्टेडियम में मौजूद प्रशंसकों में नाराजगी फैल गई और हंगामे की स्थिति बन गई।

मेसी को देखने के लिए बड़ी संख्या में फैंस स्टेडियम पहुंचे थे। कई लोगों ने महंगे टिकट खरीदे थे और घंटों इंतजार किया, लेकिन उन्हें उम्मीद के मुताबिक मेसी को देखने का मौका नहीं मिल पाया। इसी नाराजगी में कुछ फैंस ने कुर्सियां और बोतलें फेंकी, वहीं टेंट गिराने की भी खबर सामने आई है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

गुस्साए फैंस ने अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की। एक प्रशंसक ने कहा कि मेसी सिर्फ 10 मिनट के लिए आए, उनके आसपास नेता और मंत्री ही दिखाई दिए और आम फैंस उन्हें ठीक से देख भी नहीं पाए। उन्होंने यह भी कहा कि न तो मेसी ने गेंद को किक किया और न ही कोई पेनल्टी ली। वहीं दूसरे फैन का कहना था कि उन्होंने करीब 12 हजार रुपये का टिकट लिया, लेकिन मेसी का चेहरा तक साफ नजर नहीं आया।

इस कार्यक्रम के बाद मेसी एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए और अब वह हैदराबाद जाएंगे, जहां उन्हें एक एग्जीबिशन मैच में हिस्सा लेना है। हालांकि, कोलकाता में हुए हंगामे के बाद आयोजन प्रबंधन और प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम दोपहर डेढ़ बजे शुरू होना था, लेकिन मेसी बहुत कम समय के लिए ही स्टेडियम में रुके।

मेसी के साथ उरुग्वे के स्टार फुटबॉलर लुईस सुआरेज और अर्जेंटीना के रोड्रिगो डी पॉल भी मौजूद थे। तीनों खिलाड़ी कोलकाता से हैदराबाद के लिए रवाना हो चुके हैं। फैंस का कहना है कि इतनी बड़ी रकम खर्च करने के बाद भी उन्हें अपने पसंदीदा खिलाड़ी की सिर्फ झलक भर ही देखने को मिली।

स्टेडियम में मौजूद कई प्रशंसक अर्जेंटीना की जर्सी पहनकर पहुंचे थे और लगातार ‘मेसी-मेसी’ के नारे लगा रहे थे। मेसी ने स्टेडियम का एक चक्कर लगाया और हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। इस मौके पर उन्हें मोहन बगान क्लब की एक खास जर्सी भी भेंट की गई, जिस पर उनका नाम और मशहूर नंबर 10 लिखा था।

भारत पहुंचने पर मेसी ने अपनी पहली प्रतिक्रिया में कहा कि वह भारत और खासतौर पर कोलकाता आकर बहुत खुश हैं। उन्होंने अपनी आगे की यात्रा को लेकर उत्साह भी जताया। मेसी 14 साल बाद भारत आए हैं, जिस वजह से फैंस की उम्मीदें काफी ज्यादा थीं। हालांकि, कोलकाता में कार्यक्रम के दौरान हुई अव्यवस्थाओं ने इस यादगार मौके को विवादों में ला दिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें