पंजाब डेस्क: जालंधर के बस्ती दानिशमंदा इलाके में बीती रात पूर्व विधायक शीतल अंगुराल के 17 वर्षीय भतीजे की हमलावरों ने दर्दनाक हत्या कर दी। बता दें कि, आज इलाके के श्मशान घाट में विकास का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान परिवार का दुख असहनीय था, खासकर मां की हालत देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। मां बार-बार रोते हुए बेहोश हो रही थीं, जिन्हें संभालना मुश्किल हो गया था। अंतिम संस्कार में पूर्व सांसद सुशील रिंकू सहित कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां परिवार को सांत्वना देने पहुंचीं।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज,
पुलिस ने इस हत्याकांड में रवि कुमार उर्फ कालू और दो अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मृतक की मां ने मीडिया से बात करते हुए भावुक अपील की और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की। उनका कहना था कि जिस तरह उनके बेटे की जान ली गई, वैसी ही सजा आरोपी को मिलनी चाहिए।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि घटना के दौरान आरोपी कालू के दो मोबाइल फोन मौके पर गिर गए थे, जिन्हें उन्होंने पुलिस के हवाले कर दिया। चौंकाने वाली बात यह रही कि वारदात के करीब 15 मिनट बाद कालू दोबारा घटनास्थल पर लौटा और लोगों को धमकाते हुए अपने फोन लौटाने को कहा।
ये भी पढ़ें: School Holidays: इस राज्य में छुट्टियों का हुआ ऐलान, इतने दिन बंद रहेंगे स्कूल
गवाही देने वालों को दी धमकी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कालू ने खुलेआम यह धमकी दी कि अगर किसी ने उसके खिलाफ गवाही दी तो उसे जान से मार दिया जाएगा। इस बयान से इलाके में दहशत का माहौल है।
इस मामले पर जानकारी देते हुए ADCP-2 परमजीत सिंह ने बताया कि लसूरी मोहल्ला, बस्ती दानिशमंदा निवासी विकास की रात करीब 10 बजे तीन युवकों के बीच हुई झड़प के दौरान चाकू लगने से मौत हो गई। थाना डिवीजन नंबर 5 में IPC की धारा 103(1), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें काबू कर लिया जाएगा।