सोनीपत। सड़क पर मामूली परेशानी एक युवक के लिए जानलेवा संकट बन गई। बाइक खराब होने का फायदा उठाकर उसे अगवा किया गया, बेरहमी से पीटा गया और लाखों रुपये की फिरौती के लिए डराया-धमकाया गया। किसी तरह जान बचाकर भागे पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पीड़ित अनिल कुमार, मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के फुल्हारा गांव का रहने वाला है और वर्तमान में दिल्ली के मुंगेशपुर क्षेत्र में रह रहा है। पुलिस को दी गई शिकायत में उसने बताया कि वह पहले कुंडल इलाके में ईंट भट्ठे पर काम करता था। 24 नवंबर को फरमाणा गांव में एक परिचित से मिलने के बाद वह बाइक से लौट रहा था।
पहचान के बाद छीनी बाइक, फोन भी छीन लिया
खरखौदा के पास अचानक उसकी बाइक पंचर हो गई। उसी समय वहां वीरेंद्र नामक व्यक्ति पहुंचा, जिससे उसकी पहले पहचान थी। आरोप है कि बातचीत के बहाने वीरेंद्र ने बाइक अपने कब्जे में ले ली और जबरन ट्रैक्टर पर बैठाकर उसे साथ ले गया। अनिल ने पुलिस को कॉल करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया।
दुकान पर बंधक बनाकर की मारपीट
पीड़ित के अनुसार, आरोपी उसे अपनी सटरिंग की दुकान पर ले गया, जहां उसके बेटे और भतीजे को भी बुला लिया गया। तीनों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। उसकी जेब से 20 हजार रुपये नकद निकाल लिए गए और डर के माहौल में पेटीएम के जरिए भी 20 हजार रुपये जबरन ट्रांसफर करा लिए गए।
फिरौती न देने पर जान से मारने की धमकी
शाम ढलते ही अनिल को कार में बैठाकर एक अन्य स्थान पर ले जाया गया। वहां आरोपियों ने साफ शब्दों में कहा कि यदि दो लाख रुपये नहीं दिए गए तो उसे जिंदा नहीं छोड़ा जाएगा। मदद के लिए उसने परिचितों से संपर्क किया, लेकिन तत्काल कोई व्यवस्था नहीं हो सकी।
रात के समय चार युवकों की निगरानी में उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया। भागने की कोशिश करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। देर रात जब दो युवक बाहर चले गए और दो गहरी नींद में थे, तो अनिल किसी तरह वहां से निकलने में सफल रहा।
घटना के बाद वह अपने भाई के पास पहुंचा और सुरक्षा कारणों से कुछ दिन छिपकर रहा। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक सोनीपत को शिकायत दी। पुलिस ने अपहरण, मारपीट, लूट और फिरौती मांगने से जुड़ी धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...