Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

Agra से सामने आया अनोखा विवाद, पति द्वारा इच्छाएं पूरी न करने पर थाने पहुंची पत्नी

December 15, 2025

Agra से सामने आया अनोखा विवाद, पति द्वारा इच्छाएं पूरी न करने पर थाने पहुंची पत्नी

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के आगरा शहर से वैवाहिक तनाव का एक अलग तरह का मामला सामने आया है। लाजपत कुंज इलाके में रहने वाली एक सरकारी स्कूल की शिक्षिका अपने पति के खिलाफ शिकायत लेकर पुलिस थाने पहुंच गई। शिक्षिका का कहना है कि उसका पति उसकी छोटी-छोटी जरूरतों और इच्छाओं को भी जानबूझकर नजरअंदाज करता है, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान है।

शिकायत के अनुसार, पति और पत्नी दोनों ही सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं और दोनों को नियमित व अच्छी सैलरी मिलती है। इसके बावजूद दंपति के रिश्ते में तनाव बना हुआ है। पत्नी का आरोप है कि पति का व्यवहार उसके प्रति ठीक नहीं है और वह लंबे समय से उसकी बातों को टालता आ रहा है।

ये भी पढ़ें: पाकिस्तान से कनेक्शन, लाइसेंसी हथियारों से हमला… जानें Sydney आतंकी हमले की पूरी कहानी

सोने की चेन को लेकर बढ़ा झगड़ा

महिला शिक्षक ने पुलिस को बताया कि वह काफी समय से अपने पति से सोने की चेन की मांग कर रही है, लेकिन पति हर बार टालमटोल करता है। इसी बात को लेकर आए दिन झगड़े होते हैं, जिससे उनका वैवाहिक जीवन प्रभावित हो रहा है। शिक्षिका का कहना है कि पति की इस आदत के कारण उसे मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है।

मानसिक उत्पीड़न का लगाया आरोप

पत्नी ने शिकायत में पति पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है और संबंधित कानूनी धाराएं लगाने की मांग की है। उसका कहना है कि उसकी भावनाओं और इच्छाओं को लगातार अनदेखा किया जाना उनके बीच बढ़ती दूरी का कारण बन रहा है।

पति ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

वहीं पति ने पत्नी के सभी आरोपों को गलत बताया है। उसका कहना है कि पत्नी अनावश्यक खर्च करती है और सोने की चेन के मुद्दे को बेवजह बड़ा विवाद बना रही है। दोनों की आमदनी अच्छी है, लेकिन खर्च करने के तरीके को लेकर मतभेद हैं। पति ने यह भी कहा कि पति-पत्नी के बीच होने वाली सामान्य कहासुनी को पत्नी पुलिस और कानूनी कार्रवाई की बात कहकर बढ़ा देती है। उनके मुताबिक, यह कोई गंभीर घरेलू विवाद नहीं बल्कि पत्नी की जिद का नतीजा है।

Video: बेरोजगार युवाओं के लिए विदेश में नौकरी का सुनहरा अवसर

पुलिस ने दर्ज नहीं की FIR

मामले की प्रकृति को देखते हुए पुलिस ने फिलहाल एफआईआर दर्ज करने से इनकार कर दिया। पुलिस का कहना है कि यह मामला आपसी समझ और बातचीत से सुलझाया जा सकता है।

परिवार परामर्श केंद्र भेजा गया मामला

स्थानीय पुलिस ने दोनों को परिवार परामर्श केंद्र भेज दिया है। यहां काउंसलर दोनों पक्षों की बात सुनकर उनके बीच चल रहे वित्तीय और वैचारिक मतभेदों को सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि उद्देश्य यह है कि शिक्षक दंपति के बीच संवाद स्थापित हो, विवाद बढ़ने से रोका जाए और उनका वैवाहिक जीवन टूटने से बच सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें