Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

Himachal: शिक्षकों को नहीं मिलेगा शीतकालीन अवकाश!, शिक्षा निदेशालय ने जारी किए निर्देश, जानें वजह

December 17, 2025

Himachal: शिक्षकों को नहीं मिलेगा शीतकालीन अवकाश!, शिक्षा निदेशालय ने जारी किए निर्देश, जानें वजह

हिमाचल डेस्कः हिमाचल प्रदेश में वर्तमान शैक्षणिक सत्र के बीच स्थानांतरित हुए और पहले ही ग्रीष्मकालीन अवकाश का लाभ ले चुके शिक्षकों को शीतकालीन अवकाश नहीं मिलेगा। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि ऐसे शिक्षक सर्दियों की छुट्टियों के दौरान भी सेवाएं देंगे। इसके लिए उन्हें ग्रीष्मकालीन स्कूलों से सटे शीतकालीन स्कूलों में प्रतिनियुक्ति पर तैनात किया जाएगा। निदेशालय ने इस संबंध में सभी जिला उपनिदेशक (शिक्षा) को निर्देश जारी कर दिए हैं।

आदेशों के अनुसार, मध्य सत्र के दौरान जिन शिक्षकों का स्थानांतरण ग्रीष्मकालीन स्कूलों से शीतकालीन स्कूलों में हुआ है और जिन्होंने पहले ही ग्रीष्मकालीन अवकाश ले लिया है, वे एक जनवरी 2026 से मध्य फरवरी तक प्रस्तावित शीतकालीन अवकाश के पात्र नहीं होंगे। इस अवधि में वे ड्यूटी पर रहेंगे और आवश्यकता अनुसार अन्य शीतकालीन स्कूलों में सेवाएं देंगे।

शिक्षा निदेशालय ने जिला स्तर पर ऐसे शिक्षकों की पहचान कर सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उपनिदेशक शिक्षा को कहा गया है कि वे संबंधित स्कूलों से विवरण एकत्र कर यह सुनिश्चित करें कि जिन शिक्षकों ने ग्रीष्मकालीन अवकाश लिया है, उन्हें शीतकालीन अवकाश न दिया जाए और आवश्यकता अनुसार उनकी प्रतिनियुक्ति की व्यवस्था की जाए।

31 दिसंबर को शिक्षक-अभिभावक संवाद

प्रदेश के शीतकालीन विद्यालयों में 31 दिसंबर को शिक्षक-अभिभावक संवाद आयोजित होगा। इस दौरान अभिभावकों को उनके बच्चों की शैक्षणिक प्रगति और गतिविधियों से अवगत कराया जाएगा। एक जनवरी 2026 से शीतकालीन स्कूलों में अवकाश शुरू होगा, जबकि फरवरी से इन स्कूलों में नया शैक्षणिक सत्र आरंभ होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें