नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। गाजीपुर–वाराणसी हाईवे पर स्थित शहर के पुराने और मशहूर सम्राट ढाबे में ग्राहकों को परोसी गई दही की प्लेट में मरा हुआ चूहा मिला। इस घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और लोगों में गुस्सा देखने को मिला।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को कुछ ग्राहक सम्राट ढाबे पर खाना खाने पहुंचे थे। उन्होंने खाने के साथ दही मंगाई। जैसे ही दही की प्लेट सामने आई, उसमें मरा हुआ चूहा देखकर सभी चौंक गए। ग्राहकों ने तुरंत इसका विरोध किया और दही की प्लेट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया।
दही में पड़े मरे चूहे का वीडियो कुछ ही समय में वायरल हो गया। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि दही की कटोरी के बीच में मरा हुआ चूहा पड़ा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और हाईवे से गुजरने वाले यात्रियों में काफी नाराजगी देखने को मिली।
वीडियो वायरल होने और शिकायत मिलने के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की टीम तुरंत ढाबे पर पहुंची। जांच के दौरान ढाबे में गंदगी और लापरवाही के कई सबूत मिले। इसके बाद प्रशासन ने सम्राट ढाबे को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया। साथ ही, खाने के नमूने लेकर लैब जांच के लिए भेज दिए गए हैं।
गाजीपुर कोतवाली निरीक्षक महेंद्र सिंह ने ढाबे पर हुई कार्रवाई की पुष्टि की है। हालांकि, उन्होंने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। अधिकारियों का कहना है कि लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।