Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली एयरपोर्ट पर Air India Express के पायलट ने यात्री को दे दनादन पीटा, अब हुआ ये एक्शन

December 20, 2025

दिल्ली एयरपोर्ट पर Air India Express के पायलट ने यात्री को दे दनादन पीटा, अब हुआ ये एक्शन

नई दिल्ली। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार को एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई। जहां, एयर इंडिया एक्सप्रेस के एक पायलट पर एक यात्री के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। इस मामले के सामने आने के बाद एयरलाइन ने तुरंत जांच के आदेश दिए और आरोपी पायलट को निलंबित कर दिया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिस समय यह घटना हुई, उस समय पायलट ड्यूटी पर नहीं था। वह एक आम यात्री की तरह यात्रा कर रहा था। बावजूद इसके, एयरलाइन ने उसके व्यवहार को गंभीरता से लिया और सख्त कदम उठाए।

यात्री के चेहरे पर दिखा खून
पीड़ित यात्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अपने साथ हुई मारपीट की जानकारी साझा की। उसने अपनी तस्वीर भी पोस्ट की, जिसमें उसके चेहरे पर खून साफ दिखाई दे रहा था। साथ ही उसने आरोपी पायलट की तस्वीर भी सोशल मीडिया पर साझा की, जिससे मामला और चर्चा में आ गया।

एयरलाइन का आधिकारिक बयान
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने इस घटना पर बयान जारी करते हुए कहा कि उन्हें दिल्ली हवाई अड्डे पर हुई इस घटना की जानकारी है। बयान में कहा गया कि उनका एक कर्मचारी, जो किसी अन्य एयरलाइन की फ्लाइट में यात्री के रूप में सफर कर रहा था, दूसरे यात्री के साथ झगड़े में शामिल पाया गया है।

पायलट को तुरंत निलंबित किया गया
एयरलाइन ने कहा, “हम इस तरह के व्यवहार की कड़ी निंदा करते हैं। संबंधित कर्मचारी को जांच पूरी होने तक तत्काल प्रभाव से सभी आधिकारिक जिम्मेदारियों से हटा दिया गया है। जांच के नतीजों के आधार पर आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।”

टर्मिनल-1 पर हुई घटना
पीड़ित यात्री अंकित दीवान ने बताया कि एयर इंडिया एक्सप्रेस के कैप्टन वीरेंद्र सेजवाल ने दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 पर उनके साथ मारपीट की। दीवान ने कहा कि यह घटना उनकी सात साल की बेटी के सामने हुई। अंकित दीवान के अनुसार, उनकी बेटी ने पूरी मारपीट अपनी आंखों से देखी, जिसके बाद वह काफी डर गई है और अब भी सदमे में है। इस वजह से परिवार मानसिक तनाव से गुजर रहा है।

दिल्ली पुलिस का बयान आया सामने
वहीं इस मामले पर दिल्ली पुलिस ने कहा कि अभी तक कोई भी रिपोर्ट न तो पीड़ित और न ही एयरलाइंस द्वारा पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई है। पुलिस को इस मामले की जानकारी इस सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मिली है, जब भी पीड़ित की ओर से इस संबंध में लिखित शिकायत मिलेगी तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Watch Video : Noida- Delhi Border पर GRAP-4 का सख्त पहरा, सैकड़ों वाहन रोके, तगड़ा जुर्माना

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें