Stock Market Update: घरेलू शेयर बाजार ने सोमवार को शानदार शुरुआत करते हुए निवेशकों को बड़ी राहत दी। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स करीब 481 अंकों की मजबूती के साथ 85,410 के स्तर के आसपास कारोबार करता नजर आया। वहीं एनएसई निफ्टी भी तेजी के रंग में दिखा और 162 अंकों की बढ़त के साथ 26,128 के पार पहुंच गया।
इन दिग्गज शेयरों ने बाजार को दी मजबूती
निफ्टी 50 में शामिल शेयरों में श्रीराम फाइनेंस, हिंदाल्को, टेक महिंद्रा, टीसीएस और जियो फाइनेंशियल सर्विसेज सबसे ज्यादा चमके। इन शेयरों में आई खरीदारी ने बाजार की रफ्तार को और तेज कर दिया। हालांकि, कुछ शेयरों में मुनाफावसूली का दबाव भी देखने को मिला। एशियन पेंट्स, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, बजाज फाइनेंस, मैक्स हेल्थकेयर और सिप्ला जैसे शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।

सेक्टोरल इंडेक्स में मेटल और आईटी सेक्टर अव्वल
सेक्टोरल प्रदर्शन की बात करें तो कैपिटल गुड्स, मेटल और आईटी सेक्टर सबसे मजबूत रहे। इन क्षेत्रों में करीब 1 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली, जिसने बाजार की कुल धारणा को सकारात्मक बनाए रखा।
निवेशकों की संपत्ति में ₹5 लाख करोड़ से ज्यादा का इजाफा
तेजी का सीधा फायदा निवेशकों को मिला। बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन पिछले सत्र के ₹465.8 लाख करोड़ से बढ़कर ₹471 लाख करोड़ से ज्यादा हो गया। यानी एक ही दिन में निवेशकों की संपत्ति में ₹5 लाख करोड़ से अधिक की बढ़ोतरी हुई। गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार को भी बाजार मजबूती के साथ बंद हुआ था, जिससे लगातार चार सत्रों से जारी गिरावट पर ब्रेक लगा था।
रुपये में भी मजबूती, डॉलर के मुकाबले 22 पैसे चढ़ा
शेयर बाजार की तेजी के साथ-साथ रुपये ने भी मजबूती दिखाई। विदेशी निवेश प्रवाह और घरेलू इक्विटी बाजार में सकारात्मक माहौल के चलते रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 22 पैसे मजबूत होकर 89.45 के स्तर पर पहुंच गया। फॉरेक्स बाजार में रुपया 89.53 पर खुला और कारोबार के दौरान सुधार के साथ 89.45 तक पहुंच गया। विशेषज्ञों के मुताबिक, ब्रेंट क्रूड की कीमतें 60 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहने और कॉर्पोरेट डॉलर इनफ्लो से रुपये को सपोर्ट मिला।
मेष: दिन शुभ रहेगा...