
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि 2025 भारत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धियों का वर्ष रहा है। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह हर भारतीय के लिए गर्व का प्रतीक बन गया है और इसने दुनिया को दिखाया है कि देश अपनी सुरक्षा से समझौता नहीं करता है। मोदी ने अपने मासिक ‘मन की बात’ संबोधन में कहा कि कुछ ही दिनों में साल 2026 दस्तक देने वाला है और इस गुजरते साल में देश का प्रभाव हर जगह दिखाई दिया। प्रधानमंत्री का इस बार का ‘मन की बात’ कार्यक्रम 2025 का आखिरी संबोधन था।
उन्होंने कहा, ‘2025 ने हमें ऐसे कई पल दिए जिन पर हर भारतीय को गर्व हुआ। देश की सुरक्षा से लेकर खेल के मैदान तक, विज्ञान की प्रयोगशालाओं से लेकर दुनिया के बड़े मंचों तक। भारत ने हर जगह अपनी मजबूत छाप छोड़ी। इस साल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ हर भारतीय के लिए गर्व का प्रतीक बन गया‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान देश के कोने-कोने से मां भारती के प्रति प्रेम और समर्पण की तस्वीरें सामने आईं। लोगों ने अपने-अपने तरीके से अपने भाव व्यक्त किए।
भारत ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में 6 और 7 मई की दरम्यानी रात को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान में आतंकी ढांचे पर सटीक हमले किए थे। पहलगाम हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी।भारत और पाकिस्तान के बीच 10 मई को सैन्य टकराव समाप्त करने को लेकर एक सहमति बनी थी। मोदी ने कहा कि यही जज्बा तब भी देखने को मिला, जब ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे हुए।उन्होंने कहा, ‘मैंने आपसे आग्रह किया था कि ‘हैशटैग वंदे मातरम् 150’ के साथ अपने संदेश और सुझाव भेजें। देशवासियों ने इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।’
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2025 खेल के लिहाज से भी एक यादगार साल रहा। हमारी पुरुष क्रिक्रेट टीम ने आईसीसी (अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) चैंपियंस ट्रॉफी जीती और महिला क्रिकेट टीम ने पहली बार विश्व कप अपने नाम किया।उन्होंने कहा कि इसके अलावा भारत की बेटियों ने महिला दृष्टिबाधित टी-20 विश्व कप जीतकर इतिहास रच दिया। उन्होंने कहा कि एशिया कप टी-20 में भी तिरंगा शान से लहराया। उन्होंने कहा कि पैरा एथलीट ने विश्व चैंपियनशिप में कई पदक जीतकर ये साबित किया कि कोई बाधा हौंसलों को नहीं रोक सकती।
मोदी ने कहा कि विज्ञान और अंतरिक्ष के क्षेत्र में भी भारत ने बड़ी छलांग लगाई और शुभांशु शुक्ला पहले भारतीय बने, जो अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि आज दुनिया भारत को बहुत आशा के साथ देख रही है।उन्होंने कहा कि भारत से उम्मीद की सबसे बड़ी वजह है, हमारी युवा शक्ति। उन्होंने कहा, ‘विज्ञान के क्षेत्र में हमारी उपलब्धियां, नए-नए नवोन्मेष, प्रौद्योगिकी का विस्तार इनसे दुनियाभर के देश बहुत प्रभावित हैं।’ उन्होंने कहा, ‘साल के शुरुआत में प्रयागराज महाकुंभ के आयोजन ने पूरी दुनिया को चकित किया। साल के अंत में अयोध्या में राम मंदिर पर ध्वजारोहण के कार्यक्रम ने हर भारतीय को गर्व से भर दिया।’
मेष: दिन शुभ रहेगा...