इंटरनेशनल डेस्क: स्विट्जरलैंड के मशहूर शहर क्रांस-मोंटाना में नए साल का जश्न चल रहा था। तभी वहां पर ब्लास्ट हो गया, जिसमें कई लोगों की जान चली गई और कई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
वालेस कैंटन पुलिस ने बताया कि न्यू ईयर ईव सेलिब्रेशन के दौरान क्रांस-मोंटाना के ‘ले कॉन्स्टेलेशन’ (Le Constellation) नाम के बार में एक या एक से ज्यादा धमाके हुए, जिसके बाद वहां भीषण आग लग गई। यह हादसा रात करीब 1:30 बजे हुआ। उस समय वहां पर बहुत सारे लोग मौजूद थे।
पुलिस प्रवक्ता गेटन लाथियन ने एएफपी ने बताया कि विस्फोट का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। इस हादसे में कई लोग घायल हुए हैं और कई लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचे। कई एंबुलेंस भेजी गईं। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एयर-ग्लेशियर्स हेलीकॉप्टरों की भी मदद ली गई। आग बुझाने के लिए दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत की।
हेल्पलाइन नंबर हुआ जारी
पुलिस ने पीड़ितों के परिजनों के लिए एक हेल्पलाइन नंबर 0848 112 117 जारी किया है। इसके साथ ही सुबह 10 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करने का भी ऐलान किया है। फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हुईं हैं। क्रांस-मोंटाना में बड़ी संख्या में पर्यटक नए साल का जश्न मनाने पहुंचे थे।