Last Updated: October 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

लुधियाना में पत्नी से झगड़े के बाद युवक ने फंदा लगा की खुदकुशी

January 4, 2026

लुधियाना में पत्नी से झगड़े के बाद युवक ने फंदा लगा की खुदकुशी

लुधियाना: पत्नी से झगड़े के बाद राम नगर, मुंडियां के रहने वाले युवक ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। युवक का नाम तेज राम है। सूचना मिलने पर मुंडियां चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पहुंचाया। मृतक के भाई का कहना है कि उसके भाई को पत्नी व ससुराल वाले परेशान करते थे। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान लिए और मामले की जांच शुरू कर दी।

मृतक तेज राम मुंडियां के राम नगर की गली नंबर 4 में पत्नी और 2 बच्चों के साथ रहता था। तेज राम की पत्नी अनीता ने बताया कि 8 साल पहले उसकी शादी हुई थी। उसका कहना है कि उसके पति शराब पीते थे। शुक्रवार को उसके पति ने शराब के नशे में उससे मारपीट की और घर से बाहर निकाल दिया। वह पड़ोसियों के घर में गई। उसका कहना है कि जब वह वापस आई तो खटखटाने के बावजूद उसके पति ने दरवाजा नहीं खोला। उसने दरवाजे के सुराख में देखा तो उसके पति ने पंखे से फंदा लगाया हुआ था। उसने इस बारे में आसपास के लोगों को बताया और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर मुंडियां पुलिस चौकी के इंचार्ज हरमीत सिंह मौके पर पहुंचे और फिर शव को फंदे से नीचे उतारा। मृतक के परिवार वालों को सूचना दी गई, जिस पर उसका भाई राम समुज गांव से यहां आया। राम समुज का कहना है कि 2 दिन पहले उसके भाई का फोन आया था। उसके भाई ने बताया था उसकी पत्नी व उसके रिश्तेदार उसे तंग करते हैं। फिर जब उसने भाई को दोबारा फोन किया तो मोबाइल बंद आया।

बाद में पता चला कि उसके भाई ने खुदकुशी कर ली है। उसे शक है कि उसके भाई की हत्या हुई है। मामले की गहराई से जांच की जाए। मुंडियां पुलिस चौकी इंचार्ज हरमीत सिंह का कहना है कि पुलिस ने ही सूचना मिलने पर शव फंदे से नीचे उतारकर सिविल अस्पताल मोर्चरी में रखवाया। उनका कहना है कि मौका-ए-वारदात से कोई सुसाईड नोट नहीं मिला है। मामले की जांच जारी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें