शिमला: हिमाचल प्रदेश में सर्दी ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। मौसम विभाग ने राज्य के सात जिलों में अगले चार दिनों तक घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। शनिवार को भी निचले पहाड़ी और मैदानी इलाकों में कई स्थानों पर कोहरा छाया रहा, जबकि राजधानी शिमला समेत अन्य क्षेत्रों में बादल मंडराते रहे।
दोपहर के बाद कुल्लू-मनाली और लाहौल की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। रोहतांग दर्रा, बारालाचा, शिंकुला और कुंजम दर्रे सहित पीर पंजाल की पर्वतमालाओं पर बर्फ के फाहे गिरे। मौसम में आए इस बदलाव से प्रदेशभर में शीतलहर और अधिक तीव्र हो गई है।
राज्य के 17 स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। जनजातीय क्षेत्रों ताबो, कुकुमसेरी और कल्पा में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया, जिससे ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शिमला में भी ठिठुरन लगातार बढ़ रही है।
9 जनवरी तक मौसम का मिजाज
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में 5 जनवरी तक मौसम मुख्यतः साफ बना रहेगा। हालांकि 6 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इसके बाद 9 जनवरी तक पूरे प्रदेश में धूप खिलने की उम्मीद है।
आने वाले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 2-3 दिनों में इसमें धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी संभव है। इसी तरह अधिकतम तापमान में भी अगले 3-4 दिनों में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
ये भी पढ़ें: पंजाब में सर्दी का कहर, छाया घना कोहरा; IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
प्रमुख स्थानों का न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
शिमला 4.5, सुंदरनगर 3.3, भुंतर 1.5, कल्पा -2.2, धर्मशाला 4.2, ऊना 8.6, नाहन 6.1, पालमपुर 1.0, सोलन 1.7, मनाली 0.2, कांगड़ा 4.6, मंडी 5.7, बिलासपुर 8.0, हमीरपुर 5.4, जुब्बड़हट्टी 5.3, कुफरी 2.7, कुकुमसेरी -7.0, नारकंडा 0.4, रिकांगपिओ 0.6, सेऊबाग 0.8, बरठीं 7.2, कसौली 6.2, पांवटा साहिब 10.0, सराहन 4.0, देहरा गोपीपुर 7.0, ताबो -6.4, नेरी 7.2 और बजौरा 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और कोहरे को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर सुबह और रात के समय यात्रा करने वालों को सतर्क रहने को कहा गया है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...